Saturday, May 8, 2010

जब्बार ढाकवाला को याद करते हुए एक ग़ज़ल ..

मेरे बेहद आत्मीय मित्र-लेखक जब्बार ढाकवाला और उनकी पत्नी ''तरन्नुम'' का चंबा के पास एक हादसे में कल ७ मई को निधन हो गया. उस भयानक हादसे की कल्पना कीजिये, कि उनकी कार पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी. पल भर में जीवन का खेल ख़त्म....ढाकवाला जी के पर्स से उनका पता-ठिकाना मिला. फोन नंबर मिले तो वहां की पुलिस ने भोपाल उनके कुछ मित्रों को सूचित किया.फिर मध्यप्रदेश के राजकीय विमान से उनके शव आज अपरान्ह ३-४ रायपुर लाए गए. रात ९ बजे मौदहापारा के कब्रिस्तान में दोनों सुपुर्देखाक हो गए. केवल ४-५ लेखक मैयत में शरीक हुए. बाकी उनके रिश्तेदार आदि ही थे. मैं भी वही से लौटा तो जब्बार भाई का चेहरा बार-बार सामने आता रहा तो लगा कुछ शेर आकार ले रहे है. बस, बैठ गया, तो कलम चलने लगी. कल मैंने अपने एक और ब्लॉग ''सद्भावना दर्पण'' में जब्बार जी पर एक लेख लिखा था. समय मिले तो एक बार देख ले.खैर. अब दो लोग इतिहास हो गए. आज जब्बारजी पर लिखे गए कुछ शेर दे रहा हूँ. 

कहा अलविदा और छोड़ संसार अचानक चला गया..
सबके दिल में रहता था वो यार..अचानक चला गया
'ढांक' गाँववाला अपना जब्बार..अचानक चला गया

जब तक ज़िंदा था उसने बस प्यार लुटाया दुनिया को
कैसे अब पाएंगे हम जो प्यार..अचानक चला गया

'कोई गीत उदास नहीं रहते थे उसके पास' कभी
साथ ''तरन्नुम'' को ले कर फनकार..अचानक चला गया

कितना कुछ अब भी रचना था लेकिन अल्ला की मर्जी
कहा अलविदा और छोड़ संसार..अचानक चला गया


पहली बार लगा है दिल को यार किसे हम कहते हैं 
तुम क्या रूठे लगता है संसार..अचानक चला गया

क्या छोटे क्या बड़े सभी को गले लगाया था तुमने 
सचमुच था वो बहुत बड़ा दिलदार..अचानक चला गया

धर्म और मज़हब से उठ कर इंसानों की बात लिखी 
मस्तकलंदर, वो फक्कड़ किरदार..अचानक चला गया
-------------------------
जब्बार ढाकवाला  की नयी कविताओं का एक संग्रह कुछ साल पहले आया था, ''कोई उदास गीत नहीं है उनके पास''. मैंने एक शेर में उसी शीर्षक का जिक्र है, ''कोई गीत उदास नहीं रहते थे उसके पास कभी''

5 comments:

  1. सभी मैनपुरी वासीयों की ओर से श्रध्दासुमन !!

    ReplyDelete
  2. आपके मित्र वियोग से हम भी दुखी हैं ... हमारी तरफ से उनके लिए विनम्र श्रद्धांजलि स्वीकार करें !

    ReplyDelete
  3. पंकज जी मैने भी सुना बेहद दुखद समाचार ...साहित्य की बहुत बड़ी क्षय....कविट पढ़ कर आँखे नम हो गई...पंकज जी जब्बार जी श्रद्धांजलि !!!

    ReplyDelete
  4. हमारी तरफ से उनके लिए विनम्र श्रद्धांजलि स्वीकार करें !

    ReplyDelete