''सद्भावना दर्पण'

दिल्ली, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश आदि राज्यों में पुरस्कृत ''सद्भावना दर्पण भारत की लोकप्रिय अनुवाद-पत्रिका है. इसमें भारत एवं विश्व की भाषाओँ एवं बोलियों में भी लिखे जा रहे उत्कृष्ट साहित्य का हिंदी अनुवाद प्रकाशित होता है.गिरीश पंकज के सम्पादन में पिछले 20 वर्षों से प्रकाशित ''सद्भावना दर्पण'' पढ़ने के लिये अनुवाद-साहित्य में रूचि रखने वाले साथी शुल्क भेज सकते है. .वार्षिक100 रूपए, द्वैवार्षिक- 200 रूपए. ड्राफ्ट या मनीआर्डर के जरिये ही शुल्क भेजें. संपर्क- 28 fst floor, ekatm parisar, rajbandha maidan रायपुर-४९२००१ (छत्तीसगढ़)
&COPY गिरीश पंकज संपादक सदभावना दर्पण. Powered by Blogger.
Showing posts with label गीत. Show all posts
Showing posts with label गीत. Show all posts

गद्दारों की खैर नहीं ....

>> Friday, February 12, 2016

बहुत हो गया अब भारत में गद्दारों की खैर नहीं
मानवता के दुश्मन हैं, उन हत्यारों की खैर नहीं.

पापी हैं वे लोग कि जिनको देश न अपना भाता है
'भारत को हम नष्ट करेंगे', पागल ही चिल्लाता है.
जिस भूमि ने हम सबको इतना सुंदर परिवेश दिया.
रहो प्रेम से मिलजुल कर के संतों ने उपदेश दिया.
उसी देश में नव उदारवादी अब बढ़ते जाते हैं
ये सब 'पाक'-समर्थक बनके 'जेएनयू' में चिल्लाते हैं .
बंद करो जो देशविरोधी बात कर रहा भारत में
सबको भेजो जेल बचे न कोई भी हर हालत में.
मुल्कविरोधी हरकत और गंदे नारों की खैर नहीं.
बहुत हो गया अब भारत में गद्दारों की खैर नहीं ..

कितनी देंगे छूट पापियों की संख्या बढ़ जाएगी,
ये नालायक पीढ़ी इक दिन अपने सर चढ़ जाएगी.
देशभक्त 'हनुमनथप्पा' से कुछ तो सीखो ओ नादानों
भूल गए हो शायद खुद को थोड़ा खुद को पहचानो
मगर जिसे अब गद्दारी का खेल बहुत ही भाता है
वो ही भारत के खिलाफ में नारे बहुत लगाता है .
ऐसे हर इक पापी को यह देश सहन न कर पाए.
अपना हो या गैर कोई, वो फंदे पर लटका जाए .
सूरज बन कर आएँगे हम अंधियारों की खैर नहीं.
बहुत हो गया अब भारत में गद्दारों की खैर नहीं..

कुछ लोगों की चाल इन दिनों अब भटकी -सी लगती है
आज सियासत भी जाने क्यों चकलाघर-सी दिखती है .
जो सच है उसकी खातिर भी बोल नही क्यों पाते हैं
कैसे हैं ये लोग यहां ये क्यों न अब मर जाते हैं?
सीमा पर पहरा देता वो हर जवान शर्मिन्दा है
अगर मुल्क में गद्दारों की टीम अभी तक ज़िंदा है.
होंगे वे प्रतिभाशाली भी, लेखक-चिंतक या ज्ञानी
मगर विरोधी हैं भारत के तो है मूर्ख-अज्ञानी
घोषित कर दो इस धरती में मक्कारों की खैर नहीं
बहुत हो गया अब भारत में गद्दारों की खैर नहीं ..

Read more...

मां का वंदन

>> Thursday, February 11, 2016

ज्ञान - रश्मि से अंतरतम काे,
जिसने दूर भगाया है।
उस मां का वंदन करते हैं,
जिसकी हम पर छाया है।।

माता जग-कल्याणी है वाे
दुख हरती, सुख भरती है।
सच्चे लाेगाें के जीवन काे,
वह अमृतमय करती है।
उसके लिए काेई ना अपना,
और न यहां पराया है।।

निर्मल मन से ध्यान लगाकर,
मॉ काे अगर बुलाएंगे।
जीवन घट काे अमृत जल से,
हम सब भरते जाएंगे।
नेक पुत्र के लिए हमेशा,
मां ने कष्ट उठाया है।।

बनकर अक्षर के आराधक,
करें ग्यान का नित अर्जन।
हर मानव का लक्ष्य यही है,
प्रतिपल सुंदर नवसर्जन।
मॉ का वर पा कर मानव ने,
जीवन सफल बनाया है।।

Read more...

गीत / फ़ौजी का बयान

>> Wednesday, January 6, 2016



मैं सीमा का इक फ़ौजी हूँ, आज हृदय को खोल रहा हूँ
मातृभूमि ही माता मेरी, सच्चे मन से बोल रहा हूँ.

धर्म है मेरा देश की रक्षा, चाहे जान चली जाए.
लेकिन मेरी माँ दुश्मन के हाथों नहीं छली जाए.
मेरे देश के लोग चैन से सोएं, बस ये चाहत है ।
हरदम मेरी माँ मुस्काए,जिससे मुझे महब्बत है.
दुशमन के सर पर ही उसकी, मौत बना मैं डोल रहा हूँ।
मैं सीमा का इक फ़ौजी हूँ, आज हृदय को खोल रहा हूँ.।

हंस कर मेरी माँ ने मुझको , वर्दी यह पहनाई थी।
और पिता के चेहरे पर भी खुशियों की शहनाई थी ।
देश की खातिर जीना-मरना,यह करके दिखलाऊंगा ।
अगर शहादत पायी तो फिर नाम अमर कर जाऊँगा।
माँ के दूध से हिम्मत पाई हर पल खुद को तौल रहा हूँ।
मैं सीमा का इक फ़ौजी हूँ, आज हृदय को खोल रहा हूँ.

पीठ कभी ना दिखलाऊंगा, माँ ने यही सिखाया है।
फौलादी सीने वाला हूँ, बहना ने बतलाया है।
देश हमारा धर्म है सुन्दर, इसको बारम्बार नमन।
मेरे लहू से सदा रहेगा, रौशन-हरियर मेरा चमन।
मेरी कीमत क्या जानोगे, हर पल मैं अनमोल रहा हूँ।
मैं सीमा का इक फ़ौजी हूँ, आज हृदय को खोल रहा हूँ।

Read more...

मृत्यु नहीं, यह उत्सव है

>> Monday, August 3, 2015



मृत्यु नहीं, यह उत्सव है

दुनिया में जो आता है
इक दिन वापस जाता है .
कौन रहा चिरकाल यहाँ,
काल यही समझाता है.
अमर आत्मा हम सबकी,
प्रतिपल जैसे अभिनव है..

मृत्यु नहीं, यह उत्सव है


जिसने मृत्यु को जीता,
वो ही है इंसान बड़ा .
वही करेगा जीवन में,
सचमुच कर्म महान बड़ा.
मृत्यु और क्या? जीवन का,
फिर से नूतन उदभव है ..

मृत्यु नहीं, यह उत्सव है

जब तक जीवन, कर्म करें
कर्म को अपना धर्म करें.
मौत न हो गुमनामी की,
हम ऐसी इक मौत मरें.
शिव जैसा जीवन सुन्दर,
वरना वह जीवित शव है .

मृत्यु नहीं, यह उत्सव है

Read more...

गणतंत्र को समर्पित एक गीत

>> Monday, January 26, 2015

यह देश मेरा प्यारा सबसे,
हम इसका नित्य विकास करें।
दुनिया में भारत आगे हो,
मिलजुल कर यही प्रयास करें
। 

जो बीत गई सो बात गयी,
उसके पीछे क्यों जाएं हम.
आगे देखें, सोचें बेहतर,
आगे ही कदम बढ़ाएं हम.
जो देशविरोधी लोग यहाँ,
उनका हम तुरत विनाश करें।


सब धर्मो के लोगो आओ,
यह बात समझ लेना सुन्दर.
कोई भी धर्म नहीं ऊँचा ,
यह देश-धर्म सबसे ऊपर.
कण-कण वन्दित है भारत का,
इसका न कभी उपहास करें।।

जो देश को अपने छोड़ गए,
वे हैं अपने आदर्श नहीं।
अपनी मिट्टी में रह कर क्या,
हम कर सकते संघर्ष नही.
अपनी प्रतिभा को दिखलाएं ,
हम पतझर को मधुमास करें

Read more...

उमंग और आस्था का एक और गीत

>> Thursday, December 11, 2014

ये हसीन प्रात है, ये हसीन प्रात है।
हो न कोई साथ किन्तु प्रकृति का साथ है।

पक्षियों का गान है / पेड़ गुनगुना रहे.
नाचती है ये नदी,/ फूल खिलखिला रहे।
हर तरफ उमंग / इक नयी तरंग है
ज़िंदगी में आज कुछ / इक नयी-सी बात है।
ये हसीन प्रात है, ये हसीन प्रात है।... .

रात जो गयी उसे. भूलना पड़ा सदा
सामने है लक्ष्य तो/ तू कदम बढ़ा सदा
ज़िंदगी भी जंग है / हौसला भी संग है
इसलिए चले -चलो / दुश्मनों की मात है।
ये हसीन प्रात है, ये हसीन प्रात है।. .

खेत ये बचे रहें / ग्राम का विकास हो.
गाय घर बंधी रहे/ दूध-घी की आस हो।
गाँव से ही रंग है / हर नदी ही गंग है.
शुद्ध ये हवा रहे / तो बलिष्ठ गात है.
ये हसीन प्रात है, ये हसीन प्रात है।.

Read more...

गीत / माँ शारदे तुझको नमन.....

>> Tuesday, February 8, 2011

शारदे तुमको नमन,
माँ शारदे तुझको नमन.
श्वेतवसना माँ तुझे,
अर्पित है भावों के सुमन...
 

ज्ञान का आलोक तुझसे,
बुद्धि का उत्थान है.
जो शरण में तेरी आया,
पा गया कल्याण है.
पाप हरती तू जगत के,
जब पड़े मंगल-चरन ...

साधना ही लक्ष्य अपना,
बस यही वरदान दे.
हर घड़ी आशीष तेरा,
ज्ञान दे, विज्ञान दे.
जड़मती को भी मिले तव,
बुद्धि का नूतन वसन..


ज्ञान अर्जन के लिये माँ,
मन सदा निर्मल रहे.
हर मनुज में ज्ञानसरिता
हर घड़ी कल-कल रहे.
तेरी वीणा बज उठे तो,
हो तरंगित हर सुजन...

ज्ञान का अभिमान न हो,
साधना का दान दे.
माँ, जगा दे प्रीत मन में,
विश्व का कल्यान दे.
लोकमंगल हो अहर्निश,
शुद्ध हो हर इक भुवन.
.

Read more...

२२ जुलाई झंडा दिवस पर विशेष....

>> Wednesday, July 21, 2010

हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, सबको ध्वज से प्यार है

जान से प्यारा है अपना ध्वज, इसकी आन बचाएँगे,
वक़्त पडा तो इसकी खातिर, अपनी जान लुटाएँगे.

कहते हैं हम इसे तिरंगा, यह अपनी पहचान है.
तीन रंग वाला यह झंडा, भारत माँ की शान है.
आँच न इस पर आने पाए, यही कसम हम खाएँगे.
जान से प्यारा है अपना ध्वज. इसकी आन बचाएँगे...

भगवा, श्वेत, हरा यह तीनों, रंग हमारी पूजा है.
इसके बिना और न कोई, देव हमारा दूजा है.
जिन्हें देश प्यारा है वे सब, इसके ही गुण गायेंगे...
वक़्त पडा तो इसकी खातिर, अपनी जान लुटाएँगे.

लेकिन अब यह नया दौर है, बदल रहा व्यवहार
मिल जायेंगे शातिर जिनको, नहीं देश से प्यार.
ऐसे नालायक लोगो को, हम भी सबक सिखाएंगे.
जान से प्यारा है अपना ध्वज, इसकी आन बचाएँगे..

'झंडा ऊंचा रहे हमारा' कह कर के कुर्बानी दी.
वीर शहीदों ने भारत को, फिर से नई जवानी दी.
इस झंडे की खातिर फिर से, गीत नए हम गाएँगे.
जान से प्यारा है अपना ध्वज. इसकी आन बचाएँगे..

लाख आधुनिक हो जाएँ पर देश देश ही रहता है,
इसका कण-कण हमको प्यारा, यह लोहू में बहता है.
देशद्रोही जो दिखते उनको, हम रस्ते पर लाएँगे...
जान से प्यारा है अपना ध्वज. इसकी आन बचाएँगे..

भारत माता और तिरंगा, इसे त्यागना मुश्किल है.
रहें देश या बाहर में हम, यह तो अपनी मंजिल है.
जहाँ रहेंगे अपने ध्वज को, कभी नहीं बिसराएंगे ..
जान से प्यारा है अपना ध्वज. इसकी आन बचाएँगे....

लोकतंत्र का अर्थ नहीं बस हम अपना गुणगान करे.
धर्म को अपना सबकुछ जानें, ध्वज का हम अपमान करें,
जिनने ऐसी गलती की वे, क्या मनुष्य कहलाएँगे....
वक़्त पडा तो इसकी खातिर, अपनी जान लुटाएँगे. ...

हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, सबको ध्वज से प्यार है.
जिसने इसकी फ़िक्र नहीं की, समझो वह गद्दार है.
देश से बढ़ कर कौन हुआ है, क्या यह भी समझाएंगे..
वक़्त पडा तो इसकी खातिर, अपनी जान लुटाएँगे.

जान से प्यारा है अपना ध्वज. इसकी आन बचाएँगे,
वक़्त पडा तो इसकी खातिर, अपनी जान लुटाएँगे.

Read more...

होली में ठिठोली मत करो...

>> Thursday, February 25, 2010


होलीके पहले फिर एक व्यंग्य-रचना देखिये. अब तो होली दरवज्जे पर ही खड़ी है जैसे.कह रही है- 
आओ लल्ला, खोलो पल्ला. 
गाल पे तेरे रंग लगा दूं,
मनहूसों-सा चेहरा क्यों है,
आओ तुझको तनिक मज़ा दूं..
नेताओं को काला रंग बड़ा भाता है..ऐसे नेता क्या आपके इलाके में भी रहते हैं. कुरसी  की कसम, मेरे इलाके में तो ऐसे अनेक है. एक नेता को चमचे जब रंग लगाने लगे, तो नेता ने कहा-उसे केवल काले रंग लगाएं जाएँ. क्यों कहा, खुद पढ़ लीजिये न....
(१)
होली में ठिठोली मत करो हमजोली मेरे, 
लाल-नीले-पीले मुझे रंग न लगाइए.
नेताजी की बातें सुन, चमचे भी भए सन्न, 
भैयाजी रंग में भंग न मिलाइए. 
भैयाजी डकारे,बोले, सुनो मेरे चम्मचों,
रंग न चढ़ेगा दूजा रंग न चढ़ाइए.
लाल, नीले, पीले रंग कचरे में डारिकै, 
कोयले को घिस मेरे गाल पे लगाइये.
नेताओ का प्यारा रंग तो काला ही होता है न. काला रंग क्यों पसंद है नेताजी को, इसका खुलासा करते हुए वे क्या कहते है, आप भी सुनिए....
नेता उवाच- 
काला रंग प्यारा मेरा, बड़ा ही दुलारा सुनो,
सुबह-शाम काला-काला बस घोटाला है.
पत्नी भी काली मेरी, साली भी है काली-काली,
ससुरा भी काले कारनामे करने वाला है.
मेरा हर काम काला काला ही लगे उजाला,
काला नंबर वन.. मेरा रंग ये निराला है.
इसीलिये भाई मेरे हाथ मै जोड़ूं तेरे,
कोयले को कोयले से मज़ा आने वाला है.

Read more...

कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.

>> Monday, January 25, 2010

जब तक जन-गण-मन के भीतर दुःख की बदली छाई है,
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.
 

संविधान की बातें अच्छी पर कागज़ पर नारे हैं,
जिनको हमने दिल्ली सौपी, सपनों के हत्यारे हैं.

लोकतंत्र है गैया जिसके सम्मुख खडा कसाई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.
 

लोकतंत्र में प्रतिरोधों को, रोज यहाँ कुचला जाता,
फूलो को खिलने से पहले, हाय-हाय मसला जाता.
लाठी-गोली के बल पर गर देश चले दुखदाई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भाई मेरे बधाई है.

झूठ बोलता हर इक नेता, कहने को बस अपना है.

रोटी, कपड़ा और मकां भी, अब तक जैसे सपना है.
मन मसोस कर जीते है सब, कमरतोड़ महंगाई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भाई मेरे बधाई है.

अंगरेजों के कानूनों को, हमने क्यों स्वीकार किया,
मतलब इसका तानाशाही को हमने भी प्यार दिया.
चेहरे बदले फितरत तो बस अंगरेजों-सी पाई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.
 

सच कहने पर डंडे मिलते, चापलूस विज्ञापित है ,
नैतिकता, हिंसा बेचारी सदियों से बस शापित है.
अब तो जैसे सुख देती-सी लगती पीर पराई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.

देह तरक्की करती जाती, मन लेकिन बीमार हुआ,

नंगापन भी नए दौर में, देखो अंगीकार हुआ.
पतन कहूं या पश्चिम की यह बदसूरत परछाई है
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.
 

धनी और निर्धन की अब तो,अलग-अलग शालाएं हैं, 
इसीलिए तो किसम-किसम की, खड़ी हुई विपदाएँ है,
समता-ममता का हर नारा, झूठा पडा दिखाई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.

वक्त आ गया अब तो हम-सब मिल कर करे विचार यहाँ, 
कैसा देश बनाएंगे हम, कैसा हो किरदार यहाँ.
अभी तो ख़ून के आंसूं रोती, ये पागल सच्चाई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.

मिल-जुल कर हम इस भारत को, नये शिखर तक ले जाएँ,

सच्चे मन से राष्ट्रप्रेम के, गीत सदा हम दोहराएँ.
धर्म, जाति, भाषा की अब तक दिखती यहाँ लड़ाई है.
कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.

एक नए भारत के पीछे, हम अपनी ताकत झोंकें,

जो भी काम देश हित में हो, उसे कभी ना हम रोकें.
प्रतिभाओं का आदर हो तो, वही देश सुखदाई है.
हो ऐसा गणतंत्र तो उसको लख-लख अरे बधाई है.
 
लेकिन............
जब तक जन-गण-मन के भीतर, दुःख की बदली छाई है,

कैसे कह दूं गणतंत्र की, भैया मेरे बधाई है.

Read more...

गीत / सागर पास बुलाए

>> Sunday, January 17, 2010

मारीशस जाने का सौभाग्य जिनको मिला है, उन्होंने वहां के सागर को भी देखा होगा.उसका नीलाभ एवं पारदर्शी पानी देख कर मन मुग्ध हो जाता है.  मुझे मारीशस जाने को मौका मिला था. समकालीन साहित्य सम्मलेन का अधिवेशन वहां आयोजित किया गया था.हम लोग सागर तट पर ही स्थित एक होटल में ठहरे थे, और प्रतिदिन सागर का दीदार करते रहे. उसके पास जाते थे. उसमे उतरते थे. सागर के पानी से खेलते थे. सागर हमें बार-बार अपने पास बुलाता था. वैसे सागर कहीं का भी हो, मारीशस का, थाईलैंड का, पुरी का, मुंबई का, कहीं का भी हो, उसमे सम्मोहन होता है. उसकी भव्यता हमे प्रेरित करती है कि उसके निकट जाएँ, बैठे, बतियाएँ. बहरहाल, सागर को देख कर मान में जो हलचल  हुई थी, वह एक गीत के रूप में उसी वक़्त आकार ले चुकी थी. अचानक वह गीत कागजों के कबाडखाने में पडा मिल गया. इसके पहले कि यह कागज़ भी कहीं गुम हो जाये, मैंने सोचा, इसे लोकार्पित कर दिया जाये. सो, सुधी लेखक-पाठकों के लिए प्रस्तुत है.
  गीत 
सागर पास बुलाए, लहरें-
करती हैं वंदन.
कर लूं इनके प्रेम-भाव का,
मैं भी अभिनन्दन..


जाने कैसे मन की बतियाँ,
पढ़ती हर इक लहर.
ऐसा अद्भुत मिलन लगे है,
जाये काल ठहर.
लौटे जब-जब पाँव, बरहनी 
करती है क्रन्दन.

नाच रही है कोई उर्वशी,

उठा प्रेम का ज्वार.
दूर न जाओ मेरे प्रीतम,
अभी अधूरा प्यार.
चन्द्रकिरण मनुहार करे है
टूटे हर बंधन.


क्षणभंगुर जीवन है जिसमे,
कोई गीत नही.
वह भी कैसा अंतस जिसका.
अपना मीत नहीं.
बान्चूं पाती चलो लहर की,

निरखूँ स्पंदन..


सागर पास बुलाए, लहरें-
करती हैं वंदन.
कर लूं इनके प्रेम-भाव का,
मैं भी अभिनन्दन..

Read more...

गीत../ मन के सूखे उपवन में....

>> Thursday, January 14, 2010

....आज फिर मन में एक प्रेम-गीत जन्म ले रहा है. प्रेम...कब, कैसे, क्यों, किसी के लिए अचानक जन्म लेने लगाता है, मन को भी पता नहीं चलता. प्रेम से हारा मन किसी का बैरी नहीं हो सकता. इसलिए अगर दुनिया में लोग प्यार में डूबे रहे और ज़िंदगी को खुशहाल बना सकें, तो उन्हें कोशिश करनी चाहिए. प्यारभरी भावना ही दुनिया को बचा सकती है. बशर्ते वह प्यार हो, स्वार्थ नहीं, यहाँ कोई ''हिडेन एजेंडा'' न हो. खैर, लम्बा-चौड़ा वक्तव्य देने की बजाय पेश है मेरा नया प्रेम-गीत. मेरे प्रिय लेखक-पाठक इसे पसंद करेंगे, ऐसा विश्वास तो है.

गीत....

मन के सूखे उपवन में जब,
फूल कोई खिलने लगता है.
अधरों पर मुस्कान लौटती, 
जीवन बस चलने लगाता है.


बहुत ज़रूरी है जीवन में,
अपनेपन का पौधा बोएं.
कभी किसी के संग हँसे तो,
कभी किसी की खातिर रोएँ.
अंतस ऐसा बन जाए तो,
बुझा दीप जलने लगता है...

भीड़ बहुत है कांटें भी हैं,
फिर भी कोई सुमन खिलेगा.
थके नयन के भीतर इक दिन,
कोई सुन्दर दृश्य पलेगा.
अगर नहीं है बान्झ ह्रदय तो,
स्वप्न मधुर पलने लगता है.

जैसे आकुल उर के भीतर,
गीत कोई आ जाता है.
उसी तरह वंचित जीवन में,
मीत कोई आ जाता है.
दुःख का पर्वत नेह-परस पा,
अनायास गलने लगता है. 


मन के सूखे उपवन में जब,
फूल कोई खिलने लगता है.
अधरों पर मुस्कान लौटती, 
जीवन बस चलने लगाता है..


Read more...

गीत/ वो है अनुभूति इक सुन्दर....

>> Sunday, January 10, 2010


पिछले दिनों लम्बे अंतराल के बाद मुंबई प्रवास पर था.(इसलिए सुधीजन बोर होने से बच गए.) अब फिर हाज़िर हूँ. 
मुंबई में महान गायक महेंद्र कपूर  के जन्म दिन पर एक कार्यक्रम था. उनके पुत्र रोहन के ख़ास आग्रह पर मै मुंबई गया था. (रोहन और संगीत निर्देशक कल्याण सेन के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम कर  रहा हूँ. वह अंजाम  तक पहुंचेगा तो सब को पता चला जायेगा.तब तक मामला गुप्त ही रहे तो बेहतर...)खैर, उस कार्यक्रम में मै भी शामिल हुआ. मुझे यह देख कर बड़ी खुशी हुई कि अस्सी फीसदी श्रोता बुजुर्ग थे. मेरे साथ 'सफ़र', 'बैराग', 'विरासत', 'अकेला' जैसी अनेक फ़िल्में  प्रोड्यूस करने वाले रियाज़ भाई (मुशीर-रियाज़ ) भी साथ थे. मैंने रियाज़ भाई से कहा कि, ''यहाँ अधिकाँश श्रोता साथ के पार नज़र आ रहे है''.चारों तरफ देखने के बाद उन्होंने मुस्कराते हुए  कहा-''ठीक कहते है. इसका कारण यह है कि ये सारे लोग महेंद्र कपूर से अपना रिश्ता महसूस करते है. महेंद्र कपूर के गीत इन्होने जवानी में सुने थे, और अब भी सुन रहे है''. मैंने  कहा-''जी, यही है नास्टेल्जिया-अतीत की मधुर स्मृतियों से जुड़े रहना''.मैंने देखा रोहन कपूर, सलमा आगा, पंकज उदास. आदेश श्रीवास्तब, सुषमा श्रेष्ठ आदि की हर प्रस्तुति पर सारे बूढ़े सर झूम रहे थे. हालांकि अधिकाँश गायक महेंद्र कपूर जी  के स्तर तक पहुँच ही नहीं सके, फिर भी श्रोता तो झूम ही रहे थे, क्योंकि कार्यक्रम महेंद्र जी जैसे कालजयी गायक की याद में था. तभी तो बीमार होने के बावजूद मनोज कुमार भी शरीक हुए तो यश चोपड़ा भी अपनी फिल्म का प्रीमियर शो छोड़ कर शामिल हुए. यह देख कर मुझे अच्छा लगा कि महेंद्र कपूर जी को चाहने वाले कम नहीं है. वरना इस बाजारवाद में पुराने लोगों को अब पूछता ही कौन है?
जाने माने कला निर्देशक और मेरे परम मित्र जयंत देशमुख (दीवार, आखे, सिंग इज किंग अदि ४० फिल्मो के  कला निर्देशक) के घर पर रतजगा हुआ. पुराने दिनों की यादे ताज़ा करते रहे. यह सब बता कर बोर करने के पीछे मकसद इतना बताना ही है कि अगर जीवन-मूल्य बचे रहे तो नया दौर भी हमें पतित नहीं कर सकता. भावनाए नहीं मर सकती. हम अतीत से जुड़े रह सकते है, और मनुष्य बने रहा सकते है. आज कल समय किसके पास है? कौन किसी के लिए वक़्त निकालता है? फिर भी कुछ लोग समय निकल लेते है. यही वह अनुभूति है, जो हमको जिंदा रखती है. इसी अनुभूति पर प्रस्तुत है मेरा एक गीत-

वो है अनुभूति इक सुन्दर ...

कभी श्रृंगार करती है,
कभी मनुहार करती है.
मेरे सपनों की वो रानी ,
मुझे बस प्यार करती है.

कभी वह पास आती है,
कभी वह दूर जाती है.
कभी ख्वाबों में आकर के ,
सितारों को सजाती है.
अधर जब खोलती है तो-
लगे झंकार करती है.


कभी वह रूठ जाती है,
कभी वह मुसकराती है.
वो आती है तो कोयल भी,
हमेशा गुनगुनाती है. 
मेरे आँगन को आ कर के,
सदा गुलज़ार करती है.

वो है अनुभूति इक सुन्दर,
हकीकत हो नहीं पाई.
वो आयेगी कभी मुझ तक,
तभी तो नींद ना आयी. 
बहुत बेताब होने पर ,
खुशी इनकार करती है.. 

कभी श्रृंगार करती है,
कभी मनुहार करती है.
मेरे सपनों की वो रानी ,
मुझे बस प्यार करती है.

Read more...

हो ये नूतन वर्ष मंगल

>> Wednesday, December 30, 2009

हो ये नूतन वर्ष मंगल.
हो ये नूतन वर्ष मंगल....


सूर्य की रक्ताभ किरणें,
दे रहीं सन्देश पावन.
आ रहा नूतन सवेरा,
दृश्य होगा मनलुभावन.
दुःख-तिमिर का नाश होगा,
पाएँगे स्पर्श मंगल.
हो ये नूतन वर्ष मंगल....
 

विगत की श्यामल छवि को,
भूलकर नव-पथ लखें हम.
नव-पथिक पाथेय नूतन,
संग में अब तो रखें हम.
सामने आतुर खडा है,
यह उपस्थित हर्ष मंगल.
हो ये नूतन वर्ष मंगल

टूटता है स्वप्न लेकिन,
फिर नया गढ़ते चलेंगे.
है ये जीवन एक पर्वत,
हम शिखर चढ़ते चलेंगे.
जो चले अविराम उसका,
हर घड़ी उत्कर्ष मंगल.
 हो ये नूतन वर्ष मंगल....

है निशा चहुओर लेकिन,
अब नया सूरज उगेगा.
सो रहा हो भाग्य लेकिन,
अब वही देखो जगेगा.
जो हुआ अच्छा हुआ,
अब तो लगे संघर्ष मंगल...
हो ये नूतन वर्ष मंगल....

द्वेष थे कुछ, ईर्ष्या भी,
छोड़ कर उनको बढ़ेंगे.
नेह के घट खोल कर के,
हम नया मानुष गढ़ेंगे.

हम सरल हैं हम सहज हैं,
मानवीय स्पर्श मंगल..
हो ये नूतन वर्ष मंगल.

हर कदम पर है चुनौती,
है यही संबल हमारा.
यह परीक्षा की घड़ी है,
क्योंकि अब है कल हमारा.
जूझना गर आ गया तो,
सोचिए निष्कर्ष मंगल.


हो ये नूतन वर्ष मंगल.
हो ये नूतन वर्ष मंगल...

Read more...

प्रेम गीत../ प्रीत तुम्हारी पा कर प्रतिपल ....

>> Monday, December 21, 2009

एक प्रेम गीत.....
मैंने बहुत पहले कुछ प्रेमगीत लिखे थे. सच कहूं तो हालात ऐसे नहीं कि प्रेम-गीत लिखे जाए, लेकिन कभी-कभी जीवन में नवरंग भरने के लिए प्रेम भी जरूरी है.निसंदेह अनुभव यही है, कि प्रेम ऊर्जा देता है. प्रेम हमें गतिमान रखता है. प्रेम मरते आदमी को जीवन दे सकता है. प्रेम हारी हुई बाज़ी को जीत में बदल देता है. पावन प्रेम के बिना जीवन बेकार है. इसलिए लगता है (हमेशा नहीं....) कभी -कभी प्रेम गीत या प्रेम कविता उतरती है तो उतर ही जाने दो. यह पहली बार हुआ है कि आज यह गीत सीधे अंतरजाल में ही उतरा. एक चमत्कार की तरह. दरअसल इसकी भी एक ललित-वजह है. बहुमुखी प्रतिभा से भरे हुए बेहद सक्रिय चिट्ठाकार अनुज ललित शर्मा ने कल ही मुझसे कहा कि ''भैया, आपने ग़ज़लें कहीं, नवगीत भी लिखे, कविताएँ भी लिखीं, लेकिन अब तक कोई प्रेम-गीत नहीं दिया.. एक प्रेमगीत तो लिखें''. ललित की बात सुन कर मेरे भीतर का प्रेमी-मन जाग उठा. कुछ गीत तो मैंने लिखे ही है, पुरानी फाईलों में खोजा, लेकिन अपने पुराने गीत कहीं मिले ही नहीं. अब क्या करुँ.? इसी उहापोह में अचानक....लगा कि एक गीत उतर रहा है...धीरे-धीरे...जैसे आकाश से उतरती है परी...जैसे उद्यान में मंडराने लगती है कोई रन-बिरंगी तितली, जैसे....जैसे...? बस-बस, वही गीत आज आपके सामने है. ....पढ़ें ...और..हो सके तो अपने प्रिय-जन तक भी पहुचाएं. सुनाएँ. भाइयो, नफ़रत नहीं, अब प्रेम के वायरस भी फैलने चाहिए. तो प्रस्तुत है........

प्रीत तुम्हारी पा कर प्रतिपल ....


प्रीत तुम्हारी पा कर प्रतिपल,
मन-पंकज पुलकित लगता है. 
तुम मलयानिल बन आते हो,
यह जीवन सुरभित लगता है.

 -------------
जीवन के झंझावातों में, 
अधर तेरे मधुरस भरते हैं.
हर दिन ही लगता है नूतन,
संग-साथ उत्सव करते हैं 
थका-थका-सा काल भी जैसे,
तुझे देख मुखरित लगता है...
--------------
सुमन दिखे दो निकट कभी तो, 
मधुर मिलन की आस जगे.
जित देखूं, उत बिम्ब तुम्हारा,
अंतर्मन में प्यास जगे.
हो प्रिय का जब संग मुझे तो
पुन्य कोई अर्जित लगता है.
-------------
तुम जीवन में आए जैसे,
सुरभित-चन्दन वन आ जाए.
तिमिराच्छादित पल को जैसे,
शुभ्र किरण आ कर सहलाए. 
नेह तुम्हारा नवल-धवल-सा,
मुझको ही अर्पित लगता है.
-------------------
जीवन-पथ पर कंटक कितने,
तुमने सभी बुहार दिए. 
तेरे स्पर्शो ने प्रियतम,
नित-नूतन श्रृंगार दिए. 
बिना तुम्हारे ह्रदय-भवन यह,
जाने क्यों खंडित लगता है. 
--------------------------

प्रीत तुम्हारी पा कर प्रतिपल,
मन-पंकज पुलकित लगता है.
तुम मलयानिल बन आते हो,
यह जीवन सुरभित लगता है


Read more...

नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो

>> Tuesday, December 15, 2009

नया साल बस आने ही वाला है. लेकिन मन अभी से सोचने लगा ,कि कैसा हो नया साल.  संन्यासी हो चुके मेरे एक मित्र अब्दुल गनी ने कभी एक गीत लिखा था  - ''ये साल तो अच्छा साल रहे.''  इस गीत को मैंने एक दैनिक अखबार में -सत्रह साल पहले -प्रकाशित भी किया था. इसके मुकाबले का कोई गीत मैंने आज तक नहीं पढ़ा. यहाँ प्रस्तुत मेरा अपना गीत अब्दुल भाई की भावनाओं का विस्तार भर है.मेरा गीत उतना श्रेष्ठ नहीं बन सका है. लेकिन  मै इसकी खास चिंता नहीं करता. कमजोरों को भी तो जीने का हक़ होता है. बहरहाल, पंद्रह दिन पहले नए साल की कल्पना करते हुए कुछ मुद्दों को छूने की कोशिश की गयी है. मेरे प्रिय ब्लोगर मित्र चाहे तो भविष्य  में इन पंक्तियों का सन्दर्भ भी दे सकते है. या फिर नए साल पर उन्हें भी तो कुछ न कुछ तो सूझेगा ही. यह गीत शायद उनके अन्दर बैठे कवि को जगा दे. वे भी लिखे. सच तो यही है कि हम दुनिया को अच्छे विचार दे कर ही बचा सकते है.

 नये साल का लक्ष्य यही है 
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.

झूठ कहीं इज्ज़त न पाए, सम्मानित हर सच्चा हो.

गलत हुआ जो उसको भूलें,
अब न कभी दुहराएँगे.
एक बार ठोकर खाई है,
नहीं दुबारा खाएँगे.
नेक राह पर चलने वाला, 
दुनिया का हर बच्चा हो.
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.
झूठ कहीं इज्ज़त न पाए, सम्मानित हर सच्चा हो. 

रहें प्रेम से सारे मानव 
सब में भाई-चारा हो.
घर कोई अब रहे न भूखा,
ऐसा विश्व हमारा हो.
प्यार-महब्बत पूंजी अपनी
लक्ष्य नहीं अब पैसा हो.
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.
झूठ कहीं इज्ज़त न पाए, सम्मानित हर सच्चा हो. 

मज़हब प्रेम हमें सिखलाए,
यही धर्म समझाता है,
ईश्वर-अल्ला में कुछ अंतर,
मूरख ही बतलाता है.
सभी देवता यहाँ सभी के,

ये समाज इक घर-सा हो.
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.
झूठ कहीं इज्ज़त न पाए, सम्मानित हर सच्चा हो.


पेड़ बचाएँ, नदी बचाएँ, 
गाय नहीं कट पाए अब. 
पशुओं को भी जीने देंगे, 
मनुज सभ्य बन जाए अब. 
हरियाली बढ़ती ही जाए,
कहीं न खूँ का धब्बा हो. 
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.
झूठ कहीं इज्ज़त न पाए, सम्मानित हर सच्चा हो. 

बूढ़े रहें घरों में अपने,
जीने का अधिकार मिले.
जिसने हमको छाँव लुटाई,
उस बरगद को प्यार मिले.
पूत कपूत न बन जाये बस,
लायक अब हर लड़का हो.
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.
झूठ कहीं इज्ज़त न पाए, सम्मानित हर सच्चा हो. 

स्त्री-शक्ति आगे आये,
लेकिन यह भी ध्यान रहे.
नैतिकता गर बची रही तो,
वह सुन्दर  निर्माण  रहे.
साफ़ राह चलते हम जाएँ,
कभी नहीं कुछ गन्दा हो.
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.
झूठ कहीं इज्ज़त न पाए, सम्मानित हर सच्चा हो. 

ये दुनिया तो अपना घर है,
यहाँ रहें या वहां रहें.
सबको जीने का हक़ देंगे, 
जिनकी मर्जी जहाँ रहें.
धरती माता सबकी माता,
सोच  हमारा ऐसा हो.
नये साल का लक्ष्य यही है, दुनिया में सब अच्छा हो.
झूठ  कहीं इज्ज़त न  पाए, सम्मानित  हर सच्चा हो. 

Read more...

पिछली रात चाँद देखा तो

>> Friday, December 11, 2009

अपनी प्रकृति से हट कर एक गीत..... गीत बने रहें. नवगीत भी. कूकते रहे कोयल की तरह. छंद लिखने वाले कम हो रहे है. ये बढ़ें.. छंद हमारी परंपरा है, संस्कृति है. इसे बचाए रखना है. इन दिनों गद्य कविताओं का दौर है. यह कुछ आसान भी है. इस लिहाज से, कि अपने भावो को कागज़ पर उतर देना है बस. तुक मिलता है या नहीं, इसकी चिंता नहीं करनी . 'वह घर जाता है ' तो वह गद्य कविता में ''घर जाता है'' लेकिन पद्य में कहेंगे- ''वह जाता है घर'' या , घर जाता है वह.'' . वाक्य में काव्यात्मकता रहेगी. छंबद्ध कविता तुक में होगी. मतलब यह कि बात बेतुकी नहीं होगी. (वैसे ये और बात है कि तुक में भी लोग बेतुकी बातें कर सकते है, और बेतुकी हो कर भी बात तुक वाली हो सकती है.)मैं तो गद्य कवितायेँ भी लिखता हूँ.नए दौर से भी जुड़े रहना ज़रूरी है.न ..यह खुशी कि बात है, कि  इन दिनों नयी कविताएँ लिखने वालों ने छंदबद्ध कवितायेँ लिख कर छंद की परम्परा को सम्मान दिया है. यह सद्भावना है.यह बनी रहे. केवल गद्य कविता  लिखने वाले ही कवि नहीं होते.आधुनिक बोध छंद के साथ भी उतर सकता है. दोनों तरह की कविताओं का स्वागत होना चाहिए. लेकिन यह तो मानना ही पड़ेगा कि स्मृति के देश में छंद का राज रहता है.  कुछ चिट्ठाकार छंदबद्ध कवितायेँ लिखने  की सार्थक कोशिश करते है. वे बधाई के पात्र है. छंद अभ्यास से ही सधता है. मै कोशिश कर रहा हूँ.  
मैं सुधी पाठकों से पूछता हूँ कि 
उन्हें नयी कविता क्यों अच्छी लगती है?  
या फिर छन्दबद्ध कविता ही क्यों पसंद आती है..?  
बौद्धिक पाठक कुछ कहें, तो अच्छा लगेगा. उस आधार पर भविष्य में लेख भी लिखना चाहूँगा. बहरहाल, देखें. टिप्पणी करे, न करे, पढ़ने की  कोशिश तो करे.
गीत.....................
 पिछली रात चाँद देखा तो....
पिछली रात चाँद देखा तो,
याद तुम्हारी आई.
जब खोजे सुधियों के बक्से,
फिर से तुम मुसकाई.

धूल भरी  तस्वीर पुरानी,
फिर से चमक उठी. 
मंजुल-नैनों की वह ज्योति,
सहसा दमक उठी.
स्मृति नवयवना की भांति,
लेती है अंगडाई...

दूर भये नैनों से लेकिन,
उर से दूर नहीं.
चाह अगर है अंतस में तो,
प्रियतम यहीं-कहीं.
पास हमेशा रहता है वह,
दूर भले परछाई.

विरही मन में आन बसे तुम,
ओ मुसकाते चेहरे.
मिल गए हम-तुम फिर सपनों में,
लगे थे सौ-सौ पहरे.
सूखे मरुथल में दोबारा,
फिर गंगा लहराई. 


पिछली रात चाँद देखा तो,
याद तुम्हारी आयी.
जब खोजे सुधियों के बक्से,
फिर से तुम मुसकाई.

Read more...

करुणा की जब धारा बहती.....

>> Saturday, November 21, 2009

फिर एक गीत... 

करुणा की जब धारा बहती.....

करुणा की जब धारा  बहती, मन निर्मल हो जाता है,
मित्र लगे जब सारी दुनिया, जन्म सफल हो जाता है.

सबके हित की जिसने सोची,
वह बिन भगवा सन्त हुआ.
अंतस में जब त्याग जगा तो,
सब पापो का अंत हुआ.
कीचड में भी रह कर वह तो,
एक कमल हो जाता है....
करुणा की जब धारा  बहती, मन निर्मल हो जाता है.....

काम,क्रोध, मद, लोभ सभी तो,
मानव को दुःख देते है.
दिन का सुख भी लूटें ये तो,
रात नींद हर लेते हैं.
इनसे मुक्त ह्रदय का हर इक-
प्रश्न सरल हो जाता है.
करुणा की जब धारा बहती, मन निर्मल हो जाता है....

लिप्साएं तो अंत हीन हैं,
इनसे मुक्त ह्रदय हो कर.
वह पावन बन जाता इक दिन,
अपने अंतस को धो कर.
त्याग सीखने वाला मानव,
बुद्ध अटल हो जाता है.
करुणा की जब धारा बहती, मन निर्मल हो जाता है,
मित्र लगे जब सारी दुनिया, जन्म सफल हो जाता है. ..

Read more...

सुनिए गिरीश पंकज को

  © Free Blogger Templates Skyblue by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP