''सद्भावना दर्पण'

दिल्ली, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश आदि राज्यों में पुरस्कृत ''सद्भावना दर्पण भारत की लोकप्रिय अनुवाद-पत्रिका है. इसमें भारत एवं विश्व की भाषाओँ एवं बोलियों में भी लिखे जा रहे उत्कृष्ट साहित्य का हिंदी अनुवाद प्रकाशित होता है.गिरीश पंकज के सम्पादन में पिछले 20 वर्षों से प्रकाशित ''सद्भावना दर्पण'' पढ़ने के लिये अनुवाद-साहित्य में रूचि रखने वाले साथी शुल्क भेज सकते है. .वार्षिक100 रूपए, द्वैवार्षिक- 200 रूपए. ड्राफ्ट या मनीआर्डर के जरिये ही शुल्क भेजें. संपर्क- 28 fst floor, ekatm parisar, rajbandha maidan रायपुर-४९२००१ (छत्तीसगढ़)
&COPY गिरीश पंकज संपादक सदभावना दर्पण. Powered by Blogger.
Showing posts with label सवक्तव्य- कविता. Show all posts
Showing posts with label सवक्तव्य- कविता. Show all posts

हत्यारों को पहचान पाना अब बड़ा मुश्किल है.

>> Tuesday, April 6, 2010

छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों की हिंसा के कारण ७८ से ज़्यादा लोगों की जानें चली गयी. बेशक नक्सली अपनी सफलता का जश्न मना रहे होंगे. लेकिन मानवता खून के आँसू रो रही है. लोग सवाल कर रहे है कि यह कैसा नक्सलवाद है..? यह कैसी विचारधारा है..? ये कैसा माओवाद है जो खून से सींचा जा रहा है. परिवर्तन मै भी चाहता हूँ, भ्रष्टतंत्र बदलना चाहिए, सत्ता में काबिज़ लोगों को देखो तो खुद पर शर्म आती है. ये मक्कार नेता, ये हरामखोर अफसर...? इन सबकी जगह जेल है, लेकिन ये आज़ाद घूम रहे है. लेकिन क्या करें. हमने ही इन्हें चुना है. हमने ही इनको नौकरियाँ दी है. आज़ादी के बाद हम एक महान समतावादी समाज का निर्माण नहीं कर सके. सो, भुगत रहे है. लेकिन हम इनकी हत्याएं नहीं कर सकते. इनको झेलना ही हमारी नियति है. कोशिश करें कि आने वाली पीढी अच्छी निकले. पता नहीं निकलेगी भी कि नहीं, लेकिन हम हथियार नहीं उठाएंगे, प्रतिरोध करते हुए शायद इसी क्रूर व्यवस्था के हाथों मार भी दिए जाये, लेकिन हम शांति के साथ प्रतिवाद करेंगे. क्योकि हमारा रास्ता गांधी और विनोबा का रास्ता है. लेकिन कुछ लोग विचारधारा और परिवर्तान के नाम पर लोगों का खून बहाकर इंसानियत को कलंकित कर रहे है. ऐसे लोगों की घनघोर निंदा होनी चाहिए. नक्सलवाद को महिमामंडित करने वाले बुद्धिजीवी कहाँ है? वे जो नक्सलियों के साथ समय बिताते है, और उनको महानायक के रूप में पेश करके हत्यारों को प्रोत्साहित करते है. कहाँ हैं वे लोग..? हिंसा केवल हिंसा है. उसे किसी भी तर्क से जायज नहीं ठहराया जा सकता. हिंसा चाहे पुलिस की हो, साधारणजन की हो, गाय की हो, बकरे की हो या किसी और की. हिंसा सभ्य समाज के माथे पर कलंक है. (सरकारी हिंसा भी इसी कोटि में रखी जायेगी, जब वह आन्दोलनकारियों को गोलियों से भूनती है, या उन पर लाठियां बरसाती है) हिंसा कोई रास्ता नहीं. हिंसा केवल हिंसा को ही जन्म देती है. बेक़सूर लोग मारे जाते है. और हत्याओं का सिलसिला-सा शुरू हो जाता है. बहरहाल, बस्तर में जो कुछ हुआ, या इसके पहले भी हिंसा का जो खेल होता रहा है, उन सबके खिलाफ प्रतिवाद हमारा मानवीय कर्तव्य है. लिखते-लिखते एक कविता कौंध रही है. यह पीड़ा की कोख से पैदा हुई है. हम और क्या कर सकते है, सिवाय इस प्रतिरोध के. यह कविता अगर हिंसक दिमागों को थोड़ा भी विचलित कर सकी तो लगेगा कि मेरा लिखना सफल हुआ. हो सकता है मेरी यह कविता वहां तक भी न पहुँच पाए, जहाँ तक इसे पहुंचना चाहिए, फिर भी मुझे संतोष रहेगा कि एक कलमकार के नाते मैंने अपने कर्त्तव्य का निर्वहन किया है.कुछ लोग तो पढेंगे ही. न भी पढ़ें तो क्या, मुझे जो सूझा, वो लिखा. पेश है कविता-
 

हत्यारों को पहचान पाना अब बड़ा मुश्किल है.
अक्सर विचारधारा की खाल ओढ़े मंडराते रहते हैं राजधानियों में या फिर गाँव-खेड़े या कहीं और..
लेते हैं सभाएं कि बदलनी है यह व्यवस्था
दिलाना है इन्साफ...
हत्यारे बड़े चालाक होते हैं,
खादी के मैले-कुचैले कपडे पहन कर वे 
कुछ इस मसीहाई अंदाज से आते है, 
कि लगता है महात्मा गांधी के बाद सीधे 
ये ही अवतरित हुए है इस धरा पर 
कि अब ये बदल कर रख देंगे सिस्टम को 
कि अब हो जायेगी क्रान्ति
कि अब होने वाला ही है समाजवाद का आगाज़ 
ये तो बहुत दिनों के बाद पता चलता है कि 
वे जो खादी के फटे कुरते-पायजामे में टहल रहे थे 
और जो किसी पंचतारा होटल में रुके थे 
हत्यारे थे.
ये वे ही लोग हैं जो दो-चार दिन बाद 
किसी का बहता हुआ लहू न देखे 
साम्यवाद पर कविता ही नहीं लिख पते. 
समलैंगिकता के समर्थन में भी खड़े होने के पहले ये एकाध 'ब्लास्ट'' मंगाते ही माँगते हैं 
कहीं भी ..कभी भी....
हत्यारे विचारधारा के जुमले को 
कुछ इस तरह रट चुकते हैं कि 
दो साल के बच्चे का गला काटते हुए भी वे कह सकते है 
माओ जिंदाबाद...
चाओ जिंदाबाद...
फाओ जिंदाबाद... 
या कोई और जिंदाबाद.
हत्यारे बड़े कमाल के होते हैं 
कि वे हत्यारे तो लगते ही नहीं,
कि वे कभी-कभी किसी विश्वविद्यालय से पढ़कर निकले 
छात्र लगते है या फिर
तथाकथित ''फेक'' या कहें कि निष्प्राण-सी कविता के 
बिम्ब में समाये हुए अर्थो के ब्रह्माण्ड में 
विचरने वाले किसी अज्ञातलोक के प्राणी.
हत्यारे हिन्दी बोलते हैं
हत्यारे अंगरेजी बोल सकते हैं
हत्यारे तेलुगु या ओडिया या कोई भी भाषा बोल सकते है 
लेकिन हर भाषा में क्रांति का एक ही अर्थ होता है
हत्या...हत्या...और सिर्फ ह्त्या...
हत्यारे को पहचानना बड़ा कठिन है
जैसे पहचान में नहीं आती सरकारें
समझ में नहीं आती पुलिस
उसी तरह पहचान में नहीं आते हत्यारे 
आज़ाद देश में दीमक की तरह इंसानियत को चाट रहे 
लोगों को पहचान पाना इस दौर का सबसे बड़ा संकट है
बस यही सोच कर हम गांधी को याद करते है कि 
वह एक लंगोटीधारी नया संत
कब घुसेगा हत्यारों के दिमागों में 
कि क्रान्ति ख़ून फैलाने से नहीं आती
कि क्रान्ति जंगल-जंगल अपराधियों-सा भटकने से नहीं आती
क्रांति आती है तो खुद की जान देने से
क्रांति करुणा की कोख से पैदा होती है 
क्रांति प्यार के आँगन में बड़ी होती है,
क्रांति सहयोग के सहारे खड़ी होती है
लेकिन सवाल यही है कि दुर्बुद्धि की गर्त में गिरे 
बुद्धिजीवियों को कोई समझाये तो कैसे 
कि भाई मेरे क्रान्ति का रंग अब लाल नहीं सफ़ेद होता है.
अपनी जान देने से बड़ी क्रांति हो नहीं सकती 
और दूसरो की जान लेकर क्रांति करने से भी बड़ी 
कोई भ्रान्ति हो नहीं सकती.
लेकिन जब खून का रंग ही बौद्धिकता को रस देने लगे तो 
कोई क्या कर सकता है
सिवाय आँसू बहाने के ?
सिवाय अफसोस जाहिर करने कि कितने बदचलन हो गए है क्रांति के ये ढाई आखर जो अकसर बलि माँगते हैं 
अपने ही लोगों की.
कुल मिला कर अगर यही है नक्सलवाद
तो कहना ही पड़ेगा-
नक्सलवाद...हो बर्बाद
नक्सलवाद...हो बर्बाद
प्यार मोहब्बत हो आबाद 
नक्सलवाद...हो बर्बाद

Read more...

तेईस मार्च आता है अनगिनत सवालों के साथ

>> Sunday, March 21, 2010

''सबसे  खतरनाक होता है हमारे सपनो का मर जाना...' पंजाब के क्रांतिकारी कवि पाश की ये काव्य-पंक्ति आज याद आ गयी. २३ मार्च को उनकी हत्या कर दी गयी थी. शायद इसलिए कि यही वह दिन है जब महान क्रांतिकारी भगत सिंग, सुखदेव एवं राजगुरू को भी फांसी पर लटकाया गया था. २३ मार्च हमारे लिए इसलिए भी यादगार है, कि इसी दिन महान समाजवादी चिन्तक डॉ. राममनोहर लोहिया का जन्म हुआ था. नयी पीढ़ी के लोग शायद इस नाम से ठीक परिचित भी न हों. इसलिए मन कर रहा है, कि उनके बारे में कुछ कहूं. यह शख्स भी किसी क्रांतिकारी से कम नहीं था. २३ मार्च १९१०  को जन्मे लोहिया ने आज़ादी की लड़ाई में जबरदस्त योगदान किया. यह उनका जन्मशताब्दी वर्ष है, लोहिया जी  महात्मा गाँधी से प्रभावित थे, लेकिन वक्त आने पर वैचारिक विरोध भी दर्ज करने वाले थे. बहुत कम लोगो को इस बात की जानकारी है, कि आज़ादी पाने के बाद बंगाल में हुए दंगों का शांत करने के लिए महात्मा गाँधी ने लोहिया की भी मदद ली थी. आजादी पाने के  बाद एक लोकतांत्रिक भारत का चेहरा गढ़ने में लोहिया की भी भूमिका महत्वपूर्ण रही. वे सांसद रहे.और नेहरू जी के ज़माने में रहे. पुराने लोग बताते है, कि सदन में लोहिया को सुनना एक अनुभव हुआ करता था. वे व्यवस्था विरोधी थे और जनता के हित में रत रहने वाली सरकार चाहते थे. वे गैर कांग्रेसवाद के जनक थे. लोहिया के चिंतन से प्रभावित हो कर उस दौर के अनेक भारतीय लेखक लोहिया के चिंतन को अपने साहित्य में उतारने लगे थे. और गर्व से कहते थे कि हम लोहियावादी है. ये लोग आज भी अपने आप को लोहियावादी मानते है. आज भारत में एक भी नेता ऐसा नहीं है, जिसे देख कर हम कह सकें कि हम फलानेवादी है. दरअसल लोहिया जैसी पीढ़ी अब दुबारा होने से रही. इसलिए हम उनके नाम का सहारा लेने पर मजबूर है. लोहिया की महानता या सोच को समझाना हो तो केवल एक उदहारण ही पर्याप्त है. जब लोहिया के प्रयासों से दक्षिण में सरकार बनी. उस सरकार ने आंदोलनकारियो पर गोली चलाई तो लोहिया जी ने कहा था, कि इस सरकार को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए. दुर्भाग्य कि सरकार ने इस्तीफा नहीं दिया. खैर, ये लम्बी कहानी है. मै एक बात दावे के साथ कह सकता हूँ, कि अगर करुणा, समता-ममता, सद्भवा से भरे समाज का निर्माण करना है तो केवल लोहिया के रस्ते पर चल कर ही संभव है. लोहिया के चिंतन में गांधी का दर्शन भी शामिल है, तो भगत सिंह का साम्यवाद भी नज़र आता है. लोहिया जी के बारे में अगर पढ़ना या कुछ जानना है, तो श्री  मस्तराम कपूर द्वारा सम्पादित लोहिया रचनावली (अनामिका प्रकाशन,नयी दिल्ली) ज़रूर पढ़नी  चाहिए.लोहिया एक ऐसे महान नेता थे. जिन्होंने भाषा के सवाल पर दमदारी के साथ कहा कि इस देश से अंगरेजी हटनी चाहिये और हिदी ही नहीं भारतीय भाषाओं की प्रतिष्ठा बढ़ानी चाहिए.  बहरहाल, २३ मार्च को ध्यान में रखते हुए एक कविता पेश कर रहा हूँ.

हमारे सपने जिंदा थे इसीलिए हमें वैसे लोग मिले, 
जैसे अब नहीं मिलते.  
तेईस मार्च आता तो है लेकिन 
उस तरह के सपने देखने वाले और जीने वाले लोगों को नहीं पाता. 
हम केवल स्मृति की कंदील जला कर 
स्याह रातो का मुकाबला करने की
असफल कोशिशे करते है, और तिल-तिल मरते है.
सोचते है, कि कब कोई भगत सिंह आएगा
कब कोई पाश रचेगा क्रान्ति के गीत 
कब कोई लोहिया आयेगा और 
गोली दागने वाली सरकारों के खिलाफ सड़को पर उतरेगा और जेल जाएगा
लोहिया  जिसका जीवन आजादी के पहले और 
आजादी के बाद भी जेलों में बीता.
लोहिया जिसने महिलाओ और दलितों के ह़क के लिए आवाज़ उठाई 
सप्तक्रान्ति का नारा लगाया. 
क्रान्ति तो क्या आती लेकिन एक आग जल गयी और अब तक जल रही है.
अगर बनाना है नया समाज 
तो हमको सोचना होगा आज 
कि लोहिया के रस्ते पर चलें या 
जीते रहें आँख मूँद कर. 
तेईस मार्च आता है अनगिनत सवालों के साथ 
और लौट जाता है उत्तर की प्रतीक्षा में....
अगले साल फिर आने के लिए.....
ये तेईस मार्च

Read more...

वसंत पर एक काव्यात्मक निबंध..

>> Tuesday, January 19, 2010


वसंत -  एक काव्यात्मक निबंध
वसंत को मै एक महानायक के रूप में देखता हूँ.
जीवन के मधुर गायक के रूप में देखता हूँ.
इसके आगमन से सारी अनुभूतियाँ नवीन हो जाती हैं क्योंकि 
वसंत के जीवन में थके हुए उदास रंगों का कोई काम नहीं है.
वसंत तो वसंत है, इसका और कोई नाम नहीं है. 
वसंत आस्था के न्वोंमेषित रंगों का नाम है
यह सुख की नूतन उड़ान का परम धाम है
वसंत नन्हे बच्चे की किलकारी है. 
सुमनों की  फुलवारी है. 
वसंत खुशियों की सजी थाली है.
वसंत प्रकृति का राग है.
मनुष्य का आदिम अनुराग है.
वसंत सरस्वती की जननी, निराला की जयन्ती है. 
प्रकृति की अमर काव्य-पंक्ति है.  
वसंत उमंगों का अथ है.
प्रसन्नता का रथ है.
वसंत निर्धन का धन है.
वृद्ध का यौवन है.
वसंत निराशा में आशा है.
वसंत क्या है, जीवन की सही परिभाषा है. 
वसंत जब-जब आता है, मुझे चिरनवीन कर देता है.
वसंत अंतस को खुशियों से भर देता है.
वसंत मुझे जीने की तमीज सिखाता है. वसंत नूतन राह दिखता है. 
वसंत दरअसल एक प्रतीक है. प्रकृति की सीख है.
जब मन में हर्ष हो तो वसंत है.
जब चतुर्दिक उत्कर्ष हो तो वसंत है.
जब जीवन में उल्लास हो तो वसंत है
जब कोई अपना प्रिय पास हो तो वसंत है.
जब स्वप्न कोई साकार हो तो वसंत है. जब ह्रदय में अंकुरित प्यार हो तो वसंत है. जब हम किसी को शुभकामनाएँ तो समझो वसंत है. जब किसी की शुभकामनाएँ लें तो समझो वसंत है. 
वसंत एक कोमल  अनुभूति , एक प्यास है
वसंत आस्था है, विश्वास है. 
वसंत प्रकृति का प्रेम-पत्र है.
वसंत प्रकृति का नूतन वस्त्र है. 
वसंत पिपराया परिधान है. वसंत मनुष्य का शाश्वत गान है. मेरे लिए वसंत का अर्थ अंतस में लोकगीत का उमगना है. नव्य-छंद की सर्जना है. वसंत मेरे लिए प्रेरणा का छंद है. प्रकृति प्रदत्त सुगंध है. वसंत अक्षत है, रोली है. वसंत कोकिल की बोली है वसंत जिजीविषा है, प्रत्याशा है. टूटते हुए मानस की चिरनवीन आशा है. वसंत केवल मौसम नहीं, हमारा उत्प्रेरक साथी है. जीवन-तिमिर में जलती हुई बाती है. वसंत दहकता हुआ गीत है. मनवार्जित प्रीत है. वसंत, क्षितिज में गूंजता संगीत है.  वसंत समदर्शी मनमीत है. 
मित्रों, वसंत मुझे अकसर गढ़ता है. क्योंकि उसमे सुगढ़ता है. वसंत प्रकृति की आत्मा को पढ़ता है. वसंत जीने का मन्त्र देता है अंत नहीं, शुरुआत है. जीवन -संध्या में ओसभारी प्रात है. वसंत उत्स है. उत्सव का संकेत है. इसलिए इसका स्वागत है. वसंत एक मगर रूप अनेक है. वसंत पीताम्बरी-प्रकृति की गात पर लिखी हुई पाती है, लेख है. कुल मिला कर कहें तो वसंत अंत नहीं जीवन की अभिनव शुरुआत है. जीवन-संध्या में ओस भरी प्रात है, प्रभात है. वसंत उत्स है. उत्सव का संकेत है.ऋतु के आनंद को महसूसना है. दहकते हुए मौसम में बहकते हुए कुसुमित-मन को समझना है. वसंत हम सब का अंतहीन तराना है. इसे प्रतिपल अपने मन में बसाना है. और इसके साथ जीवन और नित्य-नूतन-गीत गाना है. टूट गए तो पतझर...और उठ गए तो मधुमास है. समझ सकें तो ह्रदय का विश्वास है.  इसलिए वसंत का स्वागत है. कवि-मन की शुभकामना. आपके लिए... इस पूरी सृष्टि के लिए..
चिरनवीन हो जीवन सबका,
खुशियाँ नित्य अनंत हों.
पतझर आए लेकिन जाए,
प्रतिपल नए वसंत हों..

Read more...

सुनिए गिरीश पंकज को

  © Free Blogger Templates Skyblue by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP