''सद्भावना दर्पण'

दिल्ली, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश आदि राज्यों में पुरस्कृत ''सद्भावना दर्पण भारत की लोकप्रिय अनुवाद-पत्रिका है. इसमें भारत एवं विश्व की भाषाओँ एवं बोलियों में भी लिखे जा रहे उत्कृष्ट साहित्य का हिंदी अनुवाद प्रकाशित होता है.गिरीश पंकज के सम्पादन में पिछले 20 वर्षों से प्रकाशित ''सद्भावना दर्पण'' पढ़ने के लिये अनुवाद-साहित्य में रूचि रखने वाले साथी शुल्क भेज सकते है. .वार्षिक100 रूपए, द्वैवार्षिक- 200 रूपए. ड्राफ्ट या मनीआर्डर के जरिये ही शुल्क भेजें. संपर्क- 28 fst floor, ekatm parisar, rajbandha maidan रायपुर-४९२००१ (छत्तीसगढ़)
&COPY गिरीश पंकज संपादक सदभावना दर्पण. Powered by Blogger.
Showing posts with label नई कविता. Show all posts
Showing posts with label नई कविता. Show all posts

पिता : दो उदास कविताएँ

>> Friday, March 4, 2011

(१)
यह बरगद अब बूढ़ा हो गया है
झर रही है इसकी पत्तियाँ
उखड़ती जा रही है जड़ें
पहले जैसी सघन छाँव भी
नहीं मिलती इसके नीचे
मगर बरगद फिर भी बरगद है
छाँव के जितने भी टुकडे मिलते हैं
वे अनेक ताड़ वृक्षों से बेहतर है
आज भी चहचहाती हैं चिड़ियाएँ
इसमे बैठ  कर
और गुलज़ार रहता है बरगद
लेकिन अब बूढ़ा हो गया है ये पेड़
कांपता है इसका पूरा जिस्म
डरता हूँ कहीं उखड न जाये
तेज हवा-पानी में
वीरान न हो जाये इसका आबाद चबूतरा
बरगद का होना
पर्यावरण के लिए कितना ज़रूरी है
पिता को देखता हूँ
और डरता हूँ
कि कब तक रहेगी यह छाँव
कि कब तक सर पर  रहेगा स्नेहिल हाथ
एक दिन सबको नष्ट होना है
फिर भी चाहता है मन
अपने जीते-जी बने रहें
माता-पिता, भाई-बहिन
और यार-दोस्त
खडा रहे बरगद
देता रहे बस सबको छाँव
सबसे पहले जाऊं तो
मैं ही जाऊं अपने गाँव
(२)
पिता धीरे-धीरे कमजोर हो रहे हैं
जैसे पुराने घर की दीवारें
छज्जे और किवाड़

एक तरफ की करता हूँ मरम्मत
तो दूसरी तरफ का पलस्तर उखड जाता है
रह-रह कर
हांफते हैं पिता
विंहसता है महाकाल
और मेरा दम फूलने लगता है.
चलते हैं लड़खड़ाते हुए कदम
जो कभी थाम लिया करते थे मुझे
जब कभी गिर पड़ता था बचपन में
देखता हूँ बूढ़ी काया को गौर से
और सिहर उठाता हूँ
बहने लगते हैं आंसू
भविष्य की कल्पना करके
इन्हीं हाथों ने संवारा है मुझे
गढ़ा है मेरा वर्त्तमान
अब इन्हीं हाथों को थामता हूँ मैं
उन हाथों की कम्पन डराती है
रुलाती है मुझे
ओ काल
तुम बड़े क्रूर हो
सुना तो है तुम्हारे बारे में
अब कर  रहा हूँ महसूस
तुम किसी को नहीं छोड़ते
पहले छीना मेरा भाई
फिर माँ
अब क्या पिता पर है नज़र...?
लेकिन मैं भी हूँ जिद्दी अपने पिता की तरह
देखता हूँ कैसे ले जाते हो पिता को इस बार?
भाई और माँ को भी तुम कहाँ ले जा सके?
भाई बहता है हवाओं की तरह ज़ेहन में
माँ बहती है नदी बन कर भीतर ही भीतर
पिता भी रहेंगे पीपल की तरह
आत्मा के आँगन में
जैसे रहते हैं अभी.
धीरे-धीरे कमजोर होते जा रहे पिता
और उनसे ज्यादा कमजोर होता जा रहा हूँ मैं
यह जानते हुए भी, कि सब इसीलिये आते हैं,
कि एक दिन लौट कर चले जाना है

सबको अपने अंतिम ठिकाने की ओर.

Read more...

नई ग़ज़ल/ तुम्हारे नैन में तो प्यार की गंगा समाई है.....

>> Tuesday, February 1, 2011


मोहब्बत हमें ज़िंदा रखती है. हौसला देती है. सहारा मिलता है इससे. मोहब्बत के कारण लोग मुसीबते भी झेल जाते हैं. 'एक से भले दो' वाली बात. मोहब्बत सच्ची हो तो फिर बात ही क्या. पर आजकल ऐसी मोहबतें मिलती कहाँ है? मिलावट का ज़माना है. धोखा देना फितरत-सी होगई है. यह सब 'परम्परा' भी है. फिर भी ऐसे लोग है, जिन्हें सच्ची मोहब्बतें मिली और वे अपना जीवन जी गए. मोहब्बत केवल भौतिक-दैहिक नहीं होती, वह आध्यात्मिक-आत्मिक भी होती है. मीरा की तरह. और मन उसी में मगन रहता है. मै दोनों तरह की मोहब्बत को महत्त्व देता हूँ. जीवन में हम कितने रूप देखते है मोहब्बत के. घर-बाहर कितने ही लोग हमें प्यार करतेहै और हम उनसे प्यार करते है. प्यार हमें मनुष्य बनाये रखता है. मगर सच यह भी है कि खुदगर्ज़ हो गए तो प्यार के कारण लोग अपराधी भी बन जाते है. फिर वह प्यार नहीं, वासना है. नासमझी है. प्यार त्याग करता है, वह प्रतिकार नहीं करता. प्यार सहने की शक्ति देता है. पता नहीं क्यों अचानक प्यार पर लिखने का मन हो गया. कारण समझ में नहीं आ रहाहै, लेकिन कुछ तो कारण होगा. शायद एक कारण यही है, कि मुझे ब्लागिंग से प्यार हो गया है. और मेरी लेखनी से भी कुछ लोग प्यार करने लगे है. और मैं भी उनकी लेखनी से प्यार करने लगा हूँ. ज़िंदा रहने के लिये इतना पर्याप्त है. तो...आज.....लीक से बिल्कुल हट कर कुछ शेर मोहब्बत के नाम. वैसे बहुत पहले मैंने एक ग़ज़ल कही थे-''सुबहमोहब्बत, शाम मोहब्बत, अपना तो है काम मोहब्बत''. मगर आज नए रंग के साथ, कुछ नए शेर...इस भरोसे के साथ, कि दिलसे कहे गए इन शेरों को ''महाशेरों'' की शुभकामनायें मिलेंगी

तुम्हारे नैन में तो प्यार की गंगा समाई है
इसी के वास्ते मैंने यहाँ डुबकी लगाई है

मुझे मत भूल जाना तुम हमेशा डर रहे मन में
सुना है के वफा का इक सिला बस बेवफाई है

मैं तुझको देख लेता हूँ ये आँखें बंद करके भी
खुली आँखों से कब तूने कभी सूरत दिखाई है

अगर हो साथ सच्चा तो सफ़र आसां हुआ अक्सर
कोई जब पोंछता आँसू लगे यह भी खुदाई है

न उजड़े ये मेरा गुलशन महकता ही रहे हरदम 
तुम्हारे साथ मैंने प्यार की दुनिया बसाई है

मोहब्बत में बड़ी ताकत सभी कहते ख़ुदा है ये
जिसे मिल जाये बरकत ज़िंदगी में उसने पाई है

दिलों के खेल ऐसे हैं समझ में आ नहीं सकते 
कभी होता मिलन इसमें कभी मिलती जुदाई है

अभी तो प्यार हम कर लें यहाँ कल किसने देखा है
ये साँसों की सड़क है और आगे अंधी खाई है.

बहुत दिन से तेरे दीदार को तरसें मेरी अखियाँ
अचानक फूल को देखा तो तेरी याद आई है

हमारा दिल है वृंदावन बजे है प्यार की बंसी 
यहाँ राधा के संग में रास करता वो कन्हाई है 

जो होना है तो होगा एक दिन बिल्कुल हकीक़त है
विरह के नाम से लेकिन नज़र ये डबडबाई है

छिपा ले प्यार सीने में मगर छिपता कहाँ पंकज 
नज़र है चीज़ कुछ ऐसी ख़ुदा ने जो बनाई है

चित्र गूगल से साभार 

Read more...

नई कविता/ भेडियों से सावधान...

>> Wednesday, September 22, 2010

सफ़ेद खरगोशो, भेडियों से सावधान...

(ज़रूरी नहीं, कि ये साफ़ किया जाये कि भेडिये कौन है. 

मीडिया, धर्म या मज़हब और समाज के कुछ भेडिये...?
बड़ा व्यापक है यह शब्द...खतरनाक  है यह शब्द भेड़िया...
देखा जाय तो भेड़िया और शेर से भी ज्यादा )


इस डरे-सहमे समय में
कुछ और लोग हमें डरा रहे हैं बार-बार..
लगातार, कि बच के रहना
आ सकते हैं भेडिये
आतंक फ़ैलाने.
भेडिये जिनकी कोई जात नहीं होती..
भेडिये जिनकी कोई पात नहीं होती.
भेडिये जिनका कोई नहीं उसूल..
भेडिये जिनका सपना है लहूलुहान सड़कें
और
निष्प्राण-से होते जा रहे पूजास्थल या इबादतगाहें

भेडिये चाहते हैं केवल लहू पीना.
इसलिए बनाते है
ऐसा माहौल कि
सफ़ेद खरगोश आपस में ही भिड कर
मारे जाते है.

खरगोशों को समझ में नहीं आती भेडियों की चालाकियां..
सियारों का भ्रम पैदा करने वाली आवाज़े.
कुत्तों की हिलती हुई दुमें 



रंग भगवा हो या हरा...
हर रंग के पीछे छिप कर बैठे है.
हथियारबंद शिकारी 

अपने ही लोगो के माँस खाने पर आमादा
करते रहते है अपने दांत पैनें

इस कठिन समय में जबकि भेडिये चालाक है,
खरगोशों को भी चालाक होना पड़ेगा.
प्यार...
सद्भावना...
उदारता...
विवेक...
न्याय...
इन सबके सहारे काटना है सफ़र.
वर्ना भेडिये भड़काते है.
वास्ता देते  हैं धर्मका
और भक्तिभाव या इबादत में डूबे खरगोश
बाहर निक़ल कर लगाने लगाते हैं नारे
और मारे जाते है.
मिल जाता है भेडियों को मौका और वे
डट कर लहू पीते हैं.

खरगोशो, सावधान...
चेता रहा हूँ...
भेडिये बैठे है घात लगा कर...
बचना है तुमको...
अगर रहना है जिंदा....
अगर बचना चाहते हो सुख-शांति..
धरती का प्यार...
बनो उदार
भूल कर बीती बातें
नए इतिहास का निर्माण करो.

Read more...

हिंसा की देवी,तुम सुन रही हो न..?

>> Monday, June 7, 2010

दो नई कविताएँ 
(१)

हिंसा की देवी, तुम सुन रही हो न..?  

हिंसा की देवी, 
तुम सुन रही हो न..?

जब तुम अपने कोमल होंठों से गाती हो 
हिंसा के गीत
तब लगता है, एक सुन्दर फूल
काँटों के साथ मिल कर अपने ही फूलो 
के जिस्मो को छलनी कर रहा है.

ओ स्त्री...
ओ करुणा,
ओ माँ..

अपनी ही संतानों को 
नफ़रत का पाठ पढ़ा कर
तुम सनसनी तो फैला सकती हो,
मगर शांति के बिरवे नहीं रोप सकती

यह समय हत्यारों का है..
यह काल पापियों का है..
नकली बुद्धिजीवियों का है
जिस्म दिखाकर आधुनिक कहलाने की 
नई सभ्यता का भी यही समय है
फिर भी कुछ लोग अब तक 
कपड़ों में है और वे 
काँटों के बरक्स
फूलों का कवच पहन कर 
खड़े है बगीचे में.

हिंसा की देवी,
सुन रही हो न ?
कई बार पागल हवा 
अपने आपको भी कर लेती है घायल
इसीलिए फूलो का दर्द समझो 
और काँटों के विरुद्ध 
खड़े हो कर फूलों के गीत गाओ
फूलों को 
शांत और शीतल हवाए अच्छी लगती हैं.
जिनके साथ मिलकर वे
सुवास बिखराते है. 
और सबके दिलों में उतर जाते है.

हिंसा की देवी,  
तुम सुन रही हो न..?
 
(२)

कविता की माँ है करुणा 
कविता 
जब शांति के पक्ष में 
खड़ी होती है
वह अपने शब्दों से 
ज्यादा बड़ी होती है.

कविता क्या है
आदमी के जीने का सामान है
आदमी मुर्दा नहीं है
इसका एक सार्थक बयान है.
इसलिये कविता करते हो तो 
शब्दों में जहर मत घोलो.
हिंसा आदमी के खिलाफ 
एक साजिश है इतना तो बोलो.

अगर इतना भी नहीं कर सकते तो
बेहतर है मौन हो जाओ
और मरने से पेश्तर
हमेशा-हमेशा के लिए सो जाओ.

कविता जब पहली बार
इस धरा पर उतरी थी
तो उसका जन्म 
करुणा की कोख से हुआ था 
इसलिए करुणा कविता की माँ है.
और अब इस बूढ़ी माँ को 
बचाना है.
क्योंकि बाहर कुछ हत्यारे 
चाकू लेकर खड़े है.

Read more...

नयी कविता/ लोकतंत्र की खुशहाली और शांति के लिए

>> Tuesday, May 11, 2010

इधर हमारी सरकार ने लोकतंत्र की खुशहाली और शांति के कुछ फार्मूले
जनहित में कर दिए हैं जारी
अनुरोध है देश की जनता से कि वह जनता द्वारा ही चुनी गयी
लोकप्रिय सरकार की बात मानकर लोकतंत्र के हाथ मजबूत करे.
सबसे पहले तो जनता एक बड़ा काम यह करे कि
नेता-अफसरों के घरों और कार्यालयों के आसपास
धरना-प्रदर्शन करके सरकार के जनहित को समर्पित चिंतन में खलल न डाले.
अगर किसी मांग को लेकर धरना-प्रदर्शनज़रूरी हो तो शहर से दूर एक नदी बहती है,
उसके किनारे बैठे कर जोर-जोर से चिल्लाया जा सकता है.
इससे सरकार को कोई दिक्कत नहीं होगी क्योंकि
उसके कानो में व्यवस्था-विरोधी नारे नहीं पड़ेंगे
वरना होता यह है कि बेचारी सरकार की पुलिस को अलबर्ट पिंटो की तरह गुस्सा जाता है और वह
प्रदर्शनकारियों की पिटाई कर देती है या गोली-फोली चला देती है या फिर जेल में डाल देती है.
अपने देश में बनी रहे लोकतंत्र की प्रतिष्ठा इसलिए ज़रूरी है कि शहर में शांति बनी रहे
और शहर के बाहर भी जितना संभव हो मौन प्रदर्शन ही किया जावे
आखिर नारेबाजी, प्रदर्शन, धरना-फरना से होगा क्या. अपना खून सुखाने से फायदा ही क्या?
बेहतर यही है कि जनता राजप्रसाद तक जा कर
एक ज्ञापन सौप दे और अपने दर्द का सात्विक इज़हार कर के लौट आये
हम यह भी मानते है कि ज्ञापन देने के पहले जनता को थोड़ी-बहुत असुविधा तो होगी..
धक्के-वक्के खाने पड़ेंगे...पुलिस उन्हें दुतकारेगी...अफसर उन्हें घूरेंगे..., चमचे मजाक उड़ायेंगे
लेकिन हो सकता है जनता ज्ञापन देने में सफल भी हो जाये.
आज नहीं तो कल ज्ञापन सरकार तक ही पहुच ही जाएँगे
शान्ति बनाये रखें और देखे कि कभी न कभी सरकार आपकी मांगे पूरी करके रहेगी.
इसलिए लोकतंत्र में धैर्य सबसे बड़ी परीक्षा है.
वे लोग सच्चे लोकतांत्रिक नागरिक है जो धक्के खाकर भी मौन रहते है.
इसलिये सरकार चाहती है कि लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे
हो-हल्ला बिल्कुल ही न हो इसलिए शहर से बाहर जा कर धरना-प्रदर्शन किया जाये और
लोकतंत्र के हाथों को मजबूत करके आदर्श नागरिक होने का सबूत दिया जाये.
देखिये, केवल सरकार-विरोधी प्रदर्शन ही एक काम नहीं है.
हम दहेज़ प्रथा के विरुद्ध नारे लगायें...अंधश्रद्धा के विरोध में जी भर कर चीखे..
भ्रूण-ह्त्या कितनी बड़ी समस्या है.इस पर भी कुछ बोलें.
लोक कला पर चर्चा करें 
अंग्रेजी स्कूलों की संख्या बढ़ाने की मांग करे.
पेड़ों को काट कर भी अगर फोरलेन सड़कें बनती है तो
इसके लिए प्रदर्शन करें. कुल मिला कर जनता विकास से जुड़े विनाश से नहीं
सरकार के खिलाफ उसके भवनों के बाहर प्रदर्शन कर मुर्दाबाद करने से क्या फायदा?
पागल सिपाही लाठी-गोली लेकर खड़े रहते है. आखिर उन बेचारों का क्या दोष?
वे तो व्यवस्था बनाने के लिए कुछ भी कर सकते है.
जनता की जान बड़ी कीमती है उसे अभी मनोरंजन करना है....सिनेमा देखना है..घूमना-फिरना  है ..
उसे शापिंग माल जाना है.... पिज्जा-बर्गर आदि भकोसना है..
कितने काम करने है उसे मगर इधर कुछ लोग है कि बस सरकारविरोधी काम में लगे रहते है
आईबी, एलआईबी..सीआईबी आदि-आदि सबके सब काम पर लगे है. सबकी नज़रें है आप पर
इसलिए हे नागरिको, लोकतंत्र को मजबूत करो और
शहर से बाहर जाकर प्रदर्शन आदि करके अच्छे शहरी होने का प्रमाण दो.
देखो तुम्हारे प्रदर्शन से यातायात बाधित होता है और जनप्रतिनिधियों का आना-जाना भी प्रभावित हो जाता है. इसलिए वक्त का यही तकाजा है कि हम फिलहाल देश हित में सारे प्रदर्शन स्थगित करके
घर बैठे मनोरंजक चैनल देखे और मूड फ्रेश करें.
समस्याओं से सरकार निपट लेगी/ आज नहीं तो कल सब ठीक हो जाएगा.
आखिर आपके द्वारा चुनी हुई सरकार है.कुछ न कुछ तो करेगी ही.
इसलिए अंत में हम सब लोग कसम खाएं कि हर हाल में हम लोकतंत्र के हाथ मजबूत करेंगे और
राजप्रासादों के इर्द-गिर्द धरना-प्रदर्शन, रैली आदि कर के सरकार का मूड खराब नहीं करेंगे.
धीरे-धीरे सब कुछ ठीक हो जाएगा.
और अब अन्त में बोलिए...
लोकतंत्र जिंदाबाद ...
भारत माता की जय.

Read more...

रचने वाले ही बच जाते है मरने के बाद...चिड़िया, तुम कहाँ हो...?

>> Sunday, April 25, 2010

एक दिन जब हम नहीं रहेंगे 
तब हरे-भरे पेड़ बन कर 
लोगों को छाँव दे रहे होंगे या फिर फूल बन कर 
बगरा रहे होंगे खुशबुएँ चारों ओर
पेड़ न लगाया होगा तो किसी प्यासे को पिलाया होगा पानी
भूखे को कभी दिल से परोसा होगा खाना
तब हम उसके दिल में रहेंगे ईश्वर की तरह
हम जब एक दिन नहीं रहेंगे इस असार-संसार में 
तब भी हम रहेंगे
जैसे हमसे पहले के कुछ लोग अब तक बने हुए हैं.
पूरे ब्रह्माण्ड में न सही,
किसी एक कोने में ही सही
लेकिन रहेंगे ज़रूर क्योंकि हम मरते नहीं, ज़िंदा रहते है
छाँव बन कर स्मृतियों के देश में 
किसी ने कांटे बोये वह भी याद रहता है सालोंसाल 
किसी ने रोपे छाया देने वाले फलदार पेड़
लगाये फूल महकते हुए 
किया कोई सृजन 
सब को याद करती है प्रकृति..
किसी को नहीं भूलती कृतज्ञता
एक दिन जब हम नहीं होंगे तब 
लोग कहेंगे देखो वह जो फूल है...
वह जो पेड़ है...
यह जो कृति है.. इनकी है.
आओ, नमन करो इनको. 
रचा ही बचा रह जाता है दुनिया में
रचने वाले ही बच जाते है मरने के बाद.
हो सकता है कि एक दिन हम खो जाएँ 
बिल्कुल जंगल के फूल की तरह 
किसी को पता ही न चले
कहीं कोई खबर भी न छपे 
लेकिन हम मरे तो फूल बन कर मरे... 
इस बात को उस पेड़ पर बैठने वाली चिड़ियाएँ
अपने गानों में याद रखेगी 
और पूरा जंगल हमारी मृत्यु पर अश्रु बहाएगा.
हम नहीं रहेगे तब भी दुनिया चलती रहेगी
लेकिन हम तस्वीरों की शक्ल में
टंगे रहेंगे स्मृतियों की दीवार पर 
बूँद-बूँद झरते रहेंगे 
झरोखे से आने वाली रोशनी की तरह

(२)
चिड़िया, तुम कहाँ हो...?
अभी कुछ दिन पहले 
एक चिड़िया अक्सर हांफती-सी 
इधर-उधर दिख जाती थी मुझे
पहले वह छाँव देखती थी
मगर उसे मिलती थी तपती हुई चट्टानें.
फिर वह देखती थी नदी 
या तालाब
फिर ''सकोरे'' पर भी मार लेती थी एक नज़र 
पिछली बार यही तो था पानी
नादान चिड़िया नहीं समझ पाई विकास को,
मनुष्य के निर्माण के फलसफे को
और चीं-चीं करने लगी 
चिड़िया में अगर इतनी ही समझ होती तो 
वह चिड़िया ही क्यों रहती 
आदमी न हो जाती?
चिड़िया को चाहिए छाँव 
चिड़िया को चाहिए पानी 
'विकासशील मनुष्य' को चाहिए 
तालाबो और पेड़ों की लाशों पर 
आकाश छूने वाले मकान
अब वो चिड़िया नज़र नहीं आती आजकल
पता नहीं कहाँ है इन दिनों..
चिड़िया, तुम कहाँ हो...?
कहाँ हो चिड़िया तुम?

Read more...

बूढ़ी आँखें..जवान आँखें...

>> Thursday, December 17, 2009

कल पेंशनर दिवस था.१७ दिसंबर को. रेलवे से सेवानिवृत्त स्टेशन  मास्टर केवीआर शरमा जी ने  मुझ नाचीज़ को अतिथि  बनाकर बुलाया था. संकोच हो रहा था, लेकिन गया. वहां सारे ही बुजर्ग थे. दस ऐसे रेल कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिनकी उम्र काफी हो चुकी थी. दो लोग तो अस्सी पार कर चुके थे.ये लोग कार्यक्रम में बैठे ज़रूर थे, अपना सौभाग्य ही मानता हूँ कि इनको शाल-श्री  फल दे कर मैंने सम्मानित किया, लेकिन मैंने महसूस  किया कि ये आँखे कहीं और खोयी हुई थी. न जाने कहाँ. मैंने बहुत-सी बाते कहीं,.सब तो याद नहीं लेकिन लगा कि कविता में अपने मन की बात उतार ही दू. बुजुर्गों पर , उनकी समस्याओं पर खूब लिखा गया है, फिल्मे भी बनी है. मुझे लगता है कि लगातार  लिखा जाना चाहिए. वैसे अब तो स्वार्थी, नालायक, अपराधी किस्म के लड़को की एक पूरी फ़ौज ही तैयार हो चुकी है. उन पर कविता का, कहानी का क्या असर हो सकता है. फिर भी बात कही जानी चाहिए.इसी गरज से  बस बैठ गया हूँ लिखने. देखे... 

बूढ़ी आँखें..जवान आँखें...
बूढ़ी आँखें भी कभी जवान थी
जब इन आखों ने नन्हीं आखो को 
जवान करने का सपना देखा था
ताकि वो अपना कल बांच सके
संवार सके अपना भविष्य 
आज जब वो नन्हीं आखें जवान हो चुकी है,
तो जवान आँखे बूढ़ी और पराई हो गयी  है
जवान आँखों के पास सब कुछ है
नौकरी/ वेतन/कार, बंगला
बस नहीं है तो वो बूढ़ी आँखें 
जिसने उसके भविष्य के लिए अपनी जवानी होम कर दी
बूढ़ी आँखें उदास है
लेकिन संतुष्ट है. कि 
उन्होंने अपना काम किया
रोपा एक पौधा जो अब 
हरिया रहा है
और इसमे भी निकल आयी है नयी कोंपल
जवान आंखों के सामने कल है इसलिए
बूढ़ी आँखों के लिए वक्त नहीं है उसके पास
क्योंकि अभी और बड़ा पैकेज चाहिए
इस कार से भी बड़ी कार की ज़रुरत है.
जवान आँखों के साथ उसकी खूबसूरत बीवी है..
एक नन्हा बच्चा है..
जवान आखों के सामने संघर्ष है. 
बूढ़ी आँखों के पास दुआएं है. 
आशीर्वाद है
जवान आखों का अपना सुख है. 
बूढ़ी आँखों का अपना है..
जर्जर घर है या
वृद्धाश्रम का उदास और सीलन भरा कमरा है 
जहाँ बैठ कर वो आखे 
सोचती रहती है अक्सर कि 
उसका रोपा गया पौधा 
पेड़ बन कर इसी तरह  हरियाता रहे..
बूढ़ी आँखों को पार पाना 
जवान आखों के लिए संभव नहीं

Read more...

सुनिए गिरीश पंकज को

  © Free Blogger Templates Skyblue by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP