''सद्भावना दर्पण'

दिल्ली, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश आदि राज्यों में पुरस्कृत ''सद्भावना दर्पण भारत की लोकप्रिय अनुवाद-पत्रिका है. इसमें भारत एवं विश्व की भाषाओँ एवं बोलियों में भी लिखे जा रहे उत्कृष्ट साहित्य का हिंदी अनुवाद प्रकाशित होता है.गिरीश पंकज के सम्पादन में पिछले 20 वर्षों से प्रकाशित ''सद्भावना दर्पण'' पढ़ने के लिये अनुवाद-साहित्य में रूचि रखने वाले साथी शुल्क भेज सकते है. .वार्षिक100 रूपए, द्वैवार्षिक- 200 रूपए. ड्राफ्ट या मनीआर्डर के जरिये ही शुल्क भेजें. संपर्क- 28 fst floor, ekatm parisar, rajbandha maidan रायपुर-४९२००१ (छत्तीसगढ़)
&COPY गिरीश पंकज संपादक सदभावना दर्पण. Powered by Blogger.
Showing posts with label नई ग़ज़ल गिरीश पंकज. Show all posts
Showing posts with label नई ग़ज़ल गिरीश पंकज. Show all posts

आ गईं बेटियां तो खुशी आ गई

>> Saturday, December 27, 2014

आ गईं बेटियां तो खुशी आ गई
यूं लगे फिर नई ज़िंदगी आ गई

घर था प्यासा लगे एक सहरा हुआ
बेटी आई तो जैसे नदी आ गई

घर का कोना तो जैसे अँधेरे में था
एक बेटी से फिर रौशनी आ गई

मुझको मेरी इबादत अधूरी लगी
बेटी तुमसे मुझे बंदगी आ गई

कल तलक बेटियों को रखा बाँध कर
अब तो जैसे उन्हीं की सदी आ गई

ज्ञान जैसे मिला ज़िंदगी में उसे
उसके जीवन में इक सादगी आ गई

मौत का फलसफा जो भी समझे यहाँ
खुद-ब-खुद ही उसे बेखुदी आ गई

दिल ने इंसानियत का सबक पढ़ लिया
जाने कैसे तनिक शायरी आ गई

Read more...

न जाने सोच ये गंदी कहाँ से वह उठा लाया

>> Monday, December 8, 2014


न जाने सोच ये गंदी कहाँ से वह उठा लाया
किसी को टूटते देखा उसे बेहद मज़ा आया

किसी को दर्द दे करके न जाने क्या मिला करता
मगर बहुतों के हिस्से में यही है एक सरमाया

जो नफ़रत से भरा रहता है उससे कौन ये पूछे
कभी तू ज़िंदगी में नेक कोई काम कर पाया

मेरे आंसू बहे जब भी नहीं था सामने कोई
अकेले में कभी ' गीता' कभी 'मानस' को दोहराया

ज़माने में कहाँ कब कौन कितना साथ देता है
अंधेरा देख कर खुद भाग जाता है तेरा साया

ये दौलत इक छलावा है मगर समझा नहीं कोई
सफर जब आखिरी हो तो नहीं रहती कोई माया

Read more...

नई ग़ज़ल / सुना है शख्स रोज़ाना ही त्रिफलाचूर्ण खाता है....

>> Tuesday, February 7, 2012

उर्दू साहित्य में ''हज़ल' की परम्परा है. हास्यप्रधान ग़ज़ल को हज़ल कहते है. हिन्दी में हास्य रचना के लिए शायद ऐसा कोई विशेषण नहीं है,. अगर होगा भी तो मेरी जानकारी में नहीं आया है. मैं भी हज़ल लिखना चाहता था, मगर व्यंग्य का विद्यार्थी होने के कारण हज़ल' में व्यंग्य का तड़का लग गया है. और यह हज़ल कम 'व्यंजल' हो गई, या कहें 'वजल हो गयी. 'ऐसी गजल जिस में व्यंग्य की भरमार हो, क्या उसे 'व्यंजल' या 'वजल' कहा जा सकता है? 'व्यंग्ययात्रा' के संपादक डा. प्रेम जनमेजय, श्री हरीश नवल या श्री सुभाष चंदर, जैसे व्यंग्य के गंभीर अध्येता कोई बेहतर नाम सुझा सकते है.

वो रिश्वत खूब लेता है मगर सबको पचाता है
सुना है शख्स रोज़ाना ही त्रिफलाचूर्ण खाता है

बिना खाए बेचारा एक पल भी रह नहीं सकता
न हो रिश्वत का मौक़ा तो सभी की जान खाता है

यहाँ जो भ्रष्ट है जितना वही 'अन्ना' का चेला है
 
जो 'घपलू' है सभाओं में वही 'पपलू' बिठाता है

वो हीरोइन भी गाँधीवाद के रस्ते पे चलती है
उसे तन पे अधिक कपड़ा नहीं बिलकुल सुहाता है

सुना है उसका सौहर है बड़ा अफसर तभी तो जी
हमेशा घर पे मैडम के मुफत का माल आता है

वो बचपन से हमेशा झूठ कहने में ही माहिर था
वो अपनी बस्ती का अब तो बड़ा नेता कहाता है

हमेशा लूटने की इक कला में वो लगा रहता
कभी घर पर कभी इज्ज़त पे डाका डाल आता है

वो है इक 'आदमी' जिसको यहाँ सब 'आम' कहते हैं
मगर वो 'आम' तक भी गर्मियों में खा न पाता है

है पंकज नाम उसका आम है इंसान बेचारा
जो अक्सर टूट जाते हैं वही सपने सजाता है

Read more...

नई ग़ज़ल/ सचमुच कितना पगला है वो.......

>> Thursday, December 29, 2011

'सुख खोजूंगा' निकला है वो
कितना तन्हा-तन्हा है वो
उसकी गलती माफ़ भी कर दो
जैसा भी है अपना है वो
मंजिल वो इक दिन पायेगा
गिरता मगर संभलता है वो
मंजिल आखिर पाई उसने
लेकिन कितना भटका है वो
कब होगा साकार न जाने
वैसे भोर का सपना है वो
मुस्काने में क्या कोताही?
जाने कैसा-कैसा है वो
थोड़ी तो मस्ती करने दो
अरे अभी तो बच्चा है वो
पागल पर हंसती है दुनिया
जबकि उस पर हंसता है वो
सुख पाने को निकला है वो
सचमुच कितना पगला है वो
दुःख ने उसको तोड़ दिया है
रोता है या हँसता है वो
इक दिन बदलेगी ये दुनिया
दुःख पा कर भी कहता है वो
प्यार कहाँ मिलता है अब तो
जाने कब से प्यासा है वो
निभ जाये जीवन में सबसे
इसीलिए बस झुकता है वो
बार-बार वो नष्ट हुआ है
फिर भी राख से उठता है वो
कविता उसको गले लगा ले
कभी दुखी जब मिलता है वो
दुःख देने वाले है थोड़े
सुख बहुतों से पाता है वो
रोक रहे सब राहें उसकी
फिर भी देखो चलता है वो
भीतर-भीतर आंसू पी कर
पंकज बाहर हंसता है वो

Read more...

नई ग़ज़ल / जख्म हरे हैं अब तक कल के....

>> Saturday, November 19, 2011

छल पाया तो आँसू छलके
जख्म हरे हैं अब तक कल के 

किसको पहचानें हम आखिर
चेहरों पर हैं बड़े धुंधलके

बार-बार टूटे हैं सपने
देखे थे हमने जो कल के

साँप बड़े जहरीले हो गए
अनजाने में ही पल-पल के

चिकने चेहरों पर मत जाना 
अक्सर निकले है दलदल के

अपना समझा भेद बताया
बात उगल दी आगे चल के?

पता नहीं चलता दुनिया में
कौन कहाँ मारेगा चल के

सबसे सुन्दर मौन रहो बस
मत बोलो कुछ यहाँ उबल के

टांग खींचने वाले बढ़ गए
संभलोगे इक बार फिसल के

चेहरे पे मुस्कान भले हो
पैरों में हैं छाले चल के

दीपक बनना खेल नहीं है
उजियाला देता है जल के

हम समझे वो साधू होगा
आया शातिर भेष बदल के

तुम तो चलते जाना पंकज
जलने वाले बैठें जल के

Read more...

नई ग़ज़ल / मुझसे नाराज़ जब वो हुई गीत मेरे ही गाने लगी

>> Sunday, November 6, 2011

वो अगर मुस्कराने लगी
चांदनी भी लजाने लगी

प्यार मन में उमड़ने लगा
रौशनी झिलमिलाने लगी

फूल खिलने लगे जिस घड़ी
वो हमें याद आने लगी

मुझसे नाराज़ जब वो हुई
गीत मेरे ही गाने लगी

साथ मेरे वो जब आ गयी
हर दिशा गुनगुनाने लगी

मौत से है मिलन तयशुदा
ज़िंदगी खुद बताने लगी

नीर नैनों में फिर आ गए
याद कोई सताने लगी

गीत अक्सर बने हैं मेरे
सोच हलचल मचाने लगी

Read more...

१० सितम्बर विश्व आत्महत्या निषेध दिवस पर ....

>> Friday, September 9, 2011

१० सितम्बर विश्व आत्महत्या निषेध दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर कुछ शेर ..

सिर्फ अपने वास्ते  हो बंदगी अच्छी नहीं
जो हमें अंधा करे वो रौशनी अच्छी नहीं


हर मुसीबत से करेंगे हर  घड़ी हम  सामना
हों भले हालात जैसे खुदकशी अच्छी नहीं


हार कर के बाजियों को जीतना है ज़िंदगी
हार कर रोने लगें यह कमतरी अच्छी नहीं


हर किसी के भाग में होता नहीं है चन्द्रमा
क्या इसी इक बात से है चांदनी अच्छी नहीं


आज अपना है नहीं पर कल रहेगा दोस्तो
कुछ नहीं होगा कभी यह सोच ही अच्छी नहीं


जब तलक है ज़िंदगी इंसानियत के नाम हो
हम रहे खुदगर्ज़ तो ये ज़िंदगी अच्छी नहीं


मसखरी करते रहो पर बात यह भी जान लो
वक़्त के मारे हुओ से  मसखरी अच्छी नहीं


जो हमें इंसानियत से  जोड़ न पाए कभी
सच कहूँ पंकज कभी वो शायरी अच्छी नहीं 

Read more...

नई ग़ज़ल / कब तलक दिल्ली नपुंसक-सी रहेगी?

>> Wednesday, September 7, 2011

खून का जैसे समन्दर गया है
आदमी कितना भयंकर बन गया है

मर रहे विस्फोट में नित आदमी
रक्तरंजित आज मंजर बन गया है

हाथ को बांधे हुए है आज दिल्ली
देश का ये क्या मुकद्दर बन गया है

कब तलक दिल्ली नपुंसक-सी रहेगी?
कौन है, क्या ''पाक'' से वो डर गया है?

खून करना क्या जिहादी काम है?
धर्म भी अब हाय बर्बर बन गया है

सिर्फ पागलपन में हत्याएं हुई हैं
मज़हबी? कितना सितमगर बन गया है

अब तलक ज़िंदा यहाँ आतंक है?
देश मेरा माफियाघर बन गया है

जान लेते लोग अपनों की यहाँ पर
आदमी कैसा 'जनावर' बन गया है

'पाप' कर के हाथ जोड़े या खुदा
आदमी क्या एक जोकर बन गया है

शर्म दिल्ली अब करो कुछ शर्म तुम
बस घडा है पाप का ये भर गया है

Read more...

नई ग़ज़ल / मेरे हरेक दर्द ने उनको मज़ा दिया.......?

>> Friday, August 26, 2011

ब्लॉग लेखन को लेकर पहले जो उत्साह था, अब कम हुआ है.समय के साथ जड़ता-सी आ जाती है.ठहराव-सा आने लगता है. इसे आप उदासीनता भी कह सकते है. ध्यान अन्य सर्जनात्मक विधाओं पर भी लगा था, इसलिए कोइ रचना इधर दे नहीं पाया, एक पखवाड़े के बाद एक ग़ज़ल ले कर हाजिर हूँ. देखें, पसंद आये, तो लगे कि सृजन सफल हुआ.
हर दौर ने सबको यहाँ ये ही सिला दिया
सच बोलता था जो उसे फ़ौरन मिटा दिया

हम रो रहे थे पर उन्हें ये मसखरी लगी
मेरे हरेक दर्द ने उनको मज़ा दिया

भूखा बड़ा था लाल तो माँ ने गज़ब किया
रोटी की सुनाकर कथा उसको सुला दिया

पूजा से बढ़ के काम वो करता रहा सदा
जो गिर गया था राह में उसको उठा दिया

जो हो गए चमचे उन्हें सब कुछ मिला मगर
खुद्दार को तो रास्ते से ही हटा दिया

'मै हूँ ईमानदार' ये नेता ने जब कहा
उसकी जरा-सी बात ने हमको हँसा दिया

झुकने का तो सवाल नहीं मार दो हमें
पंकज ने शातिरों को खुलक्रर बता दिया

Read more...

नई ग़ज़ल / सच बोलता है वो मगर ये बोलता है क्यूं...?

>> Saturday, July 23, 2011

सुधी पाठक जानते ही है की उर्दू में तरही मिसरा दिया जाता है, जिस पर ग़ज़ल कहनी पड़ती है. जैसे हिंदी में ''समस्यापूर्ति'' की प्रथा रही है. मुझे पिछले दिनों एक लाइन दी गयी-''शायद वो मेरा ख़्वाब था, शायद ख़याल था''. इस पर पूरी ग़ज़ल कहनी थी. मैंने कोशिश की. वही कोशिश यहाँ पेश कर रहा हूँ. शायद इसे भी आपका स्नेह मिले. देखिये...


हर आदमी सुखी था वहां क्या कमाल था. 
''शायद वो मेरा ख़्वाब था, शायद ख़याल था''

रोटी के वास्ते बिकी बाज़ार में अस्मत
यूं भूख मेरी मिट गयी लेकिन मलाल था

जम्हूरियत को कब तलक देते रहें लहू
इंसान तो मरते रहे ज़िंदा सवाल था

सच के लिए लड़ा, मरा इन्साफ के लिए
वह आदमी नहीं था ज़िंदा मिसाल था

मिल जाएगा इनाम तो ईमान को बेचा
जिसने लुटाया खुद को वो ही मालामाल था

वो आदमी सही है मेरा ये ख़याल था
लेकिन असलमें वो भी फरेबी का जाल था   

सच बोलता है वो मगर ये बोलता है क्यूं
साहब की नज़र में यही पंकज बवाल था

Read more...

नई ग़ज़ल / सभी के हैं शिखर अपने जहाँ भी जो खड़े हैं जी

>> Tuesday, June 28, 2011

कहीं पर वे बड़े होंगे कहीं पर हम बड़े हैं जी
सभी के हैं शिखर अपने जहाँ भी जो खड़े हैं जी

कोई छोटा-बड़ा क्या हैं सभी इंसान धरती के
मगर उनको भरम हैं खास मिट्टी से गढ़े हैं जी

हमें यूं ही नहीं मिल पाई है उपलब्धि जीवन में
ज़माने के हरेक शातिर से कितना हम लड़े हैं जी

अभी तो दूर है मंजिल हमें कुछ और चलना है
अभी तो चार कदमों तक ही केवल पग बढ़े हैं जी

जरा दौलत निकालें और भूखे पेट कुछ भर दें
सुना है आप सोने और चाँदी से मढ़े हैं जी

ये जीवन पाठशाला है यहाँ वे फेल हो जाते
मगर डिगरी कमाने पुस्तकें काफी पढ़े हैं जी

यहाँ सब लोग मिहनत से गगन छूते रहे अक्सर
मगर कुछ लोग कंधों पर यहाँ दिखते चढ़े हैं जी

रहे गलती पे हरदम किन्तु उनका दम्भ तो देखो
बड़े बेशर्म हो कर अपनी जिद पर बस अड़े हैं जी 

सफलता उनके माथे पर सदा चंदन लगाती है
जो ईमां और उसूलों के सवालों पर कड़े हैं जी

इन्हें मत रोप देना ये फसल बर्बाद कर देंगे
ये हैं वो बीज भीतर से गले या के सड़े हैं जी


बताई ज्ञान की बातें समझ में कुछ नहीं आया
वे मुसका कर बोले हम तो बस चिकने घड़े हैं जी

रहे अपनी ठसन में इसलिए कुछ कर नहीं पाए
जहाँ से थे चले अब तक वही पर वे खड़े हैं जी
 
यहाँ होता है ऐसा भी कोई पत्थर चमक जाए 
मगर पंकज कई हीरे अभी यूं ही पड़े हैं जी

Read more...

नई ग़ज़ल / नफ़रत ही नफ़रत बस पाए बस्ती में........

>> Monday, May 9, 2011

बिना कुछ कहे...फिर एक ग़ज़ल..इसी भरोसे के साथ कि बात बोलेगी शायद, हम नहीं . 
 -------------------
आ कर हम बेहद पछताए बस्ती में
कितने हो गए लोग पराए बस्ती में

पानी तक के लिए नहीं पूछा सब ने
पता नहीं क्या सोच के आए बस्ती में

हम तो प्यार लुटाने आए थे लेकिन
नफ़रत ही नफ़रत बस पाए बस्ती में

प्यार हमारा सच्चा है लेकिन हाए
बिन दौलत यह काम न आए बस्ती में

बदल गए हालात देख कर लोग सभी
अपनों को पहचान न पाए बस्ती में

सुन्दर चेहरा है थोड़ी-सी दौलत भी
इस पर वो नादां इतराए बस्ती में

डरता हूँ के अगर मर गया मैं तनहा
लाश हमारी कौन उठाए बस्ती में

सब कुछ इक दिन छोड़ के जाना है यारो 
किसको कौन यहाँ समझाए बस्ती में

कोई तो इक चेहरा हो मुसकान भरा
कब तक पंकज ही मुस्काए बस्ती में

Read more...

नई ग़ज़ल / पाप इतना कमाने से क्या फायदा....

>> Saturday, January 29, 2011

ब्लागिंग में सक्रियता का प्रतिफल कोई पूछे तो मै दावे के साथ कह सकता हूँ, कि इसने मुझे व्यापक संतोष दिया है. प्रिंट की दुनिया में एक व्यंग्यकार-पत्रकार के नाते सीमित-परिचय-संसार था, लेकिन ब्लाग-लेखन के कारण दायरा तीव्र गति के साथ व्यापक हुआ. न केवल भारत वरन विदेश में रहने वाले लेखको-मित्रों से संपर्क हुआ. वैचारिक आदान-प्रदान का सेतु बन गया है ब्लॉग. हमारी अनुभूतियो को आपने सराहा और आपकी अनुभूतियाँ भी मुझ तक आईं. सद्भावना का वातावरण बना.जिनसे हम कभी मिले ही नहीं, उनसे मिलने की बेताबियाँ बढ़ी. उनके प्रति लगाव बढ़ा. वे लोग अपने लगने लगे. ब्लॉग-लेखन के कारण हजारो लोगो से जीवंत-रिश्ता बन गया है. पहले शायद मैंने ज़िक्र किया हो, कि मेरी गज़ले मेरे मित्र नागपालजी के साप्ताहिक समाचार(विज्ञापन की दुनिया, नागपुर) में नियमित रूप से छप रही है. वे मेरे ब्लॉग से गज़ले लेकर छाप रहे है. ग़ज़ल के नीचे मेरा मोबाइल नंबर भी रहता है. उसके कारण सामान्य पाठको के भी फोन आते रहते है. वे शेरों की तारीफ करते है तो हौसला बढ़ाता है. लगता है, और बेहतर लिखना चाहिए. इस अखबार की प्रसार संख्या चालीस हज़ार से ज्यादा है. इस तरह ब्लॉग के ज़रिये ही मैं लोगों तक पहुंचा. इसलिये मै कहता हूँ, कि ब्लॉग ने मुझे बहुत कुछ दिया. अब लोग ग़ज़ल सुनांने के लिये भी बुलाना चाहते है. धीरे-धीरे इधर-उधर जाने भी लगा हूँ. (कुछ कमाई भी शुरू हो गई है.लेकिन कितनी...? इस राज को राज ही रहने दें ) कुल मिला कर बात यह है कि अच्छे विचारों को अच्छे लोग पसंद करते ही है. ३-४ दिन बाद आज फिर एक ग़ज़ल पेशेखिदमत है. 

पाप इतना कमाने से क्या फायदा
दिल किसी का दुखाने से क्या फायदा

हम बुलाते रहे वो न आये कभी
पत्थरों को मनाने से क्या फायदा

जब अँधेरे में डूबा हुआ हो नगर
घर में दीपक जलाने से क्या फायदा

जाने कब साँस अपनी ये थम जायेगी 
दिल में नफ़रत बसाने से क्या फायदा

भीड़ है बस यहाँ काम की जो नहीं
ऐसे बोझिल ज़माने से क्या फायदा

आ भी जाओ नयन तक रहे हैं मेरे 
अपने प्रिय को रुलाने से क्या फायदा

जिनकी नज़रें रहें सिर्फ जेबों तलक
उनसे यारी निभाने से क्या फ़ायदा

जो समझते नहीं अपने ज़ज्बात को
उनको कविता सुनाने से क्या फ़ायदा

Read more...

नई ग़ज़ल / मुझको मंज़िल नहीं, डगर देते जाना

>> Sunday, January 23, 2011

जीने का बस एक हुनर देते जाना
मुझको कोई ख़्वाब इधर देते जाना

बची रहे ये दुनिया हरदम पापों से
ऊपरवाले का इक डर देते जाना


खूब उड़ानें भर ली है तुमने ऊँची
नन्हें पाखी को भी पर देते जाना


तुमने दुनिया का हर वैभव पाया है
औरों को भी कुछ अवसर देते जाना


इन अंधी आँखों को थोड़ा पता चले
दुनिया की कुछ नई खबर देते जाना



जली-कटी क्यों रोज़ सुनाते हैं साहब
बस थोड़ा-सा मुझे जहर देते जाना 


केवल बातों से क्या कोई बात बनी
मुझको बस इसका उत्तर देते जाना


ऊपर वाले तुझसे इतनी विनती है
मुझको मंज़िल नहीं, डगर देते जाना 


तुमने मेरी नींद चुराई है पंकज
इक दिन आके दर्शन भर देते जाना

Read more...

नई ग़ज़ल/ फिर बुझी शम्मा जलाई यार ने

>> Saturday, November 27, 2010

पिछले दिनों प्रख्यात गायिका आबेदाजी की गाई ग़ज़ल सुन रहा था- ''ला मकां में घर बनाया यार ने''. दिल को छू जाने वाला स्वर है उनका. अंदाज़ सूफियाना है. शेर भी प्यारे है. सुनते-सनते लगा, कि रदीफ़ ''यार ने'' को आधार बना कर कुछ लिखा जा सकता है. मन मचलने लगा. फिर ग़ज़ल कहने की कोशिश में भिड गया. बस वही विनम्र कोशिश आपके सामने पेश है. देखें, बताएं, कुछ सफलता मिली है कि नहीं...

फिर बुझी शम्मा जलाई यार ने
साथ दीवाली मनाई यार ने

प्यार का सच्चा सबक उसने पढ़ा
दूरियाँ आ कर हटाई यार ने

पहले इज़हारे मोहब्बत कर दिया 
बात फिर फ़ौरन बनाई यार ने

कान में मिसरी-सी जैसे घुल गई
जब ग़ज़ल मेरी सुनाई यार ने

कितने सालों बाद वो मुझसे मिला
ख़्वाब में महफ़िल सजाई यार ने

देख कर मुझको तनिक मुस्का दिया 
रस्म जैसे इक निभाई यार ने

हम रहेंगे दिल में तेरे बोल कर
दिल में इक हलचल मचाई यार ने

जाने किसने क्या कहा, क्या सुन लिया
दोस्ती इक दिन मिटाई यार ने

दे के मेरे ख़्वाब को वीरानियाँ
इक नई दुनिया बसाई यार ने

याद में आँसू बहे तो कुछ लिखा
दे दी 'पंकज' रौशनाई यार ने 

Read more...

सुनिए गिरीश पंकज को

  © Free Blogger Templates Skyblue by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP