''सद्भावना दर्पण'

दिल्ली, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश आदि राज्यों में पुरस्कृत ''सद्भावना दर्पण भारत की लोकप्रिय अनुवाद-पत्रिका है. इसमें भारत एवं विश्व की भाषाओँ एवं बोलियों में भी लिखे जा रहे उत्कृष्ट साहित्य का हिंदी अनुवाद प्रकाशित होता है.गिरीश पंकज के सम्पादन में पिछले 20 वर्षों से प्रकाशित ''सद्भावना दर्पण'' पढ़ने के लिये अनुवाद-साहित्य में रूचि रखने वाले साथी शुल्क भेज सकते है. .वार्षिक100 रूपए, द्वैवार्षिक- 200 रूपए. ड्राफ्ट या मनीआर्डर के जरिये ही शुल्क भेजें. संपर्क- 28 fst floor, ekatm parisar, rajbandha maidan रायपुर-४९२००१ (छत्तीसगढ़)
&COPY गिरीश पंकज संपादक सदभावना दर्पण. Powered by Blogger.
Showing posts with label ग़ज़ल. Show all posts
Showing posts with label ग़ज़ल. Show all posts

>> Monday, November 16, 2015


Read more...

बहुत संभल कर 'आना' बिटिया

>> Tuesday, April 10, 2012

बहुत संभल कर 'आना' बिटिया
बिगड़ा इधर ज़माना बिटिया

बहलाने वाले है ढेरों
अपनी राह पे जाना बिटिया

पग-पग पर हैं यहाँ छलावे
मन को मत भरमाना बिटिया

नयी हवा में बह मत जाना
अपनी राह बनाना बिटिया

तुम भी हो कल की निर्माता
सबको यह समझाना बिटिया

दादी-नानी की 'पोटलियाँ'
उसको नहीं गुमाना बिटिया

(ब्लॉगर शिखा वार्ष्णेय  द्वारा अपनी बेटी के जन्मदिन पर लिखी गयी कविता को पढ़ने के बाद)

Read more...

आप भले हैं इसीलिये 'पंकजजी' दर्द सुनाते हैं ........

>> Thursday, December 22, 2011

सुश्री अनिता सिंह, रायपुर ने  कल फेसबुक में अश्रुपूरित नैनवाला एक चित्र चस्पा किया था. दो लाइनें भी लिखी थी.उसे ही देख कर बनी रचना-
 --------------------------------------------------------------------------

जी भर याद किया है जब भी नैन मेरे भर आते हैं
वे आयेंगे आते होंगे हम खुद को भरमाते है. 


भर आई ये अखियाँ लेकिन नज़र नहीं तुम आए क्यों
झूठे वादे-सपने मेरे दिल को बहुत दुखाते हैं

सबसे धोखा पाया लेकिन हमने यह भी देखा है
वफादार आँसूं बस निकले हर पल साथ निभाते हैं
 
किस पर करें यकीन यहाँ पर बस धोखा ही धोखा है
इंसानों की बात तो छोडो सपने बहुत सताते हैं

देख रही हैं अखियाँ कब से रस्ता प्यारे मोहन का
जाने वे किस लोक रमे हैं बंसी कहाँ बजाते हैं

दुनियावालो
प्यार न करना केवल दुःख ही मिलता है
सदियों से होता आया है अनुभव यही बताते हैं

दर्द हमेशा कम हो जाये अगर कोई करना चाहे
मगर यहाँ तो जख्मों पर कुछ केवल नमक लगाते हैं

दो पल हमको मिल पाया है प्यार-महब्बत से रह लें
सुबह उगे हम सूरज जैसे और शाम ढल जाते हैं 
 
मत समझो इसको तुम कविता दर्देदिल है ये मेरा
आप भले हैं इसीलिये 'पंकजजी' दर्द सुनाते हैं 

Read more...

ग़ज़ल / हर शख्स कहे क्या बात कही कुछ ऐसी अपनी बात रहे

>> Wednesday, July 13, 2011

शुभ रात रहे, शुभ प्रात रहे
घायल न कोई जज़्बात रहे

सब रहें प्यार से जीवन में
क्यों घात रहे, प्रतिघात रहे

हर शख्स कहे क्या बात कही
कुछ ऐसी अपनी बात रहे

हम तोड़ें अपनी चुप्पी को
भावों की मधुर बरसात रहे

मंजिल से पहले रुकें नहीं
अपनी ऐसी शुरुआत रहे

यह जीवन अपना हो सुन्दर
इस दुनिया को सौगात रहे

सब एक रहें सब मानुष हैं
क्यों धर्म, जात औ पात रहे

जो अपने हैं उन सब का ही
बस जीवन भर का साथ रहे

जो बिछुड़े हैं मिल जाएँ वे
क्यों  नैनन में बरसात रहे


हों भले काम, उनके पीछे-
अपना भी थोड़ा हाथ रहे

हर च
हरे पर मुस्कान रहे
यूं खुशियों की बारात रहे

बस हमें आपका प्यार मिले
पंकज की इतनी बात रहे

Read more...

नई ग़ज़ल / मेरा देवता राम भी है तो....वही कभी रहमान हो गया

>> Saturday, May 21, 2011

फिर से लहूलुहान हो गया
फिर तेरा अहसान हो गया

दिल के बेहद छोटे थे वे
किनके घर मेहमान हो गया

कुर्सी क्या पाई उनको तो
खुद पर बड़ा गुमान हो गया

ठोकर खाई बार-बार तो
दुनिया क्या है ज्ञान हो गया 

अपना समझा था जिस घर को
वहीं मेरा अपमान हो गया

मुझे देख वो ना मुस्काया
उसके मन का भान हो गया

अपनी शक्ति को पहचाना
लो मैं भी भगवान् हो गया

निंदक मुझको नहीं डराते
मैं उनसे अनजान हो गया

जिसके मन में करुणा जागी
वही शख्स इंसान हो गया 

झलक दिखा कर छिप जाते हो
प्रिय तुमसे परेशान हो गया

कीचड फेंको, गाली भी दो
यह कितना आसान हो गया

मेरा देवता राम भी है तो
वही कभी रहमान हो गया 

माँजा है हालात ने पंकज 
हर संकट वरदान हो गया

Read more...

खरी-खरी जो कहता होगा... मुसीबत में तेरी दुआ काम आई

>> Sunday, January 2, 2011

(१)

मैं कलम हूँ  ज़िंदगी का सार लिखता हूँ
देखता हूँ जो वही संसार लिखता हूँ

फिक्र है मुझको मेरे किरदार की यारो
इसलिये सच्चाइयाँ हर बार लिखता हूँ

ज़िंदगी है जंग इसको जीत जाऊँगा 
हर सुबह खुद को ही मैं तैयार लिखता हूँ

लोग नफ़रत के भंवर में डूब जाते हैं
मैं मुहब्बत की नदी को पार लिखता हूँ

पत्थरों के इस नगर में खोजता हूँ दिल
आँसुओं को खामखा बेकार लिखता हूँ

(२)

मुसीबत में तेरी दुआ काम आई
ये दौलत हमारे सदा काम आई

संभाला है मुझको मोहब्बत ने हरदम
अगर ये ख़ता है, ख़ता काम आई

जो रूठा हुआ था वो अब लौट आया
मेरे दिल की सच्ची सदा काम आई

जो करते थे नफ़रत हुए हैं दिवाने 
मोहब्बत की अपनी अदा काम आई

Read more...

ग़ज़ल/ पत्थर में भगवान् मिल गया...

>> Wednesday, July 7, 2010

आज सुबह ही कही है यह ग़ज़ल. मेरे दिलमें बसने वाले अपने अज़ीज़ साथियों को कर रहा हूँ समर्पित...
जीने का सामान मिल गया
पत्थर में भगवान् मिल गया

लोग बड़ी हैरत में थे के
कहीं एक इन्सान मिल गया

तुम आये वरना मर जाता 
मुझको जीवनदान मिल गया

बूढ़ी आँखें क्या चाहेंगी 
बस थोड़ा सम्मान मिल गया

नरक हुआ उस घर का जीवन 
स्वारथ का शैतान मिल गया

भूख-ग़रीबी भ्रष्ट-तंत्र यह
कैसा हिन्दुस्तान मिल गया

धन्य-धन्य हैं अम्मा-बापू 
बेटा एक महान मिल गया

और भला क्यूं चाहूं दौलत 
पंकज बस ईमान मिल गया

Read more...

ग़ज़ल, / ऊपर वाले ऐसा कर दे ....

>> Sunday, July 4, 2010


रविवार है लोगों के पास समय कम होता है, इसलिए वक्तव्य नहीं, केवल एक प्रार्थना, एक ग़ज़ल   

ऊपर वाले ऐसा कर दे
सबका घर खुशियों से भर दे

जो उड़ना चाहे तू उनको 
रंग-बिरंगे सुन्दर पर दे

जो घर यहाँ बनाते सबका                              
उनको भी रहने को घर दे 

जहाँ अन्धेरा दिखलाई दे
उस द्वारे पर दीपक धर दे

पाप करे तो पापी काँपे
दुनिया को थोड़ा-सा डर दे

हर दिल में हो प्यार लबालब 
नफ़रत के हर गड्ढे भर दे

रोक नहीं तू आने तो दे
हवा बह रही खोल रे परदे

ज़ुल्म देख कर चुप न बैठे 
हर इंसां को इतना स्वर दे

पंकज हर मुस्कान के पीछे
मिलते हैं हालात बेदरदे 

Read more...

ग़ज़ल/इसको जीने-खाने दो...

>> Friday, July 2, 2010

जीवन दुःख की कथा है. हर व्यक्ति के जीवन में एक व्यथा है. लेकिन समझदार उसे पार कर लेता है. दुःख को साथी बनाने के लिये कवि प्रेरित करते रहे है. सुख-दुःख और संघर्ष के विभिन्न रूपों को सोचते हुए कुछ शेर बन गए. आप सब गुण-ग्राहकों की खिदमत में पेश हैं-

इसको जीने-खाने दो
दुःख आता है आने दो

सुख जैसे इक छलिया है
जाता है तो जाने दो

जीत हमारी निश्चित है
वक़्त ज़रा तो आने दो

हार नहीं तुम मानोगे
दुश्मन को थक जाने दो

तुम तो अपना काम करो 
लोगों को समझाने दो

मरकर भी जीयोगे तुम
कुछ अच्छे अफसाने दो

बेशक मत तारीफ़ करो
ऐसे तो ना ताने दो

वादा तेरा वादा है
जब भी मिले बहाने दो

आओ बदलें यह दुनिया
निकलें हम दीवाने दो

मिहनतकश है वो साथी
उसको तो हक पाने दो

मत रोको मन को पंकज 
मूड हुआ तो गाने दो 

Read more...

ग़ज़ल/ मै उजियारा बाँट रहा था मगर हवा को रास न आया

>> Saturday, June 12, 2010

मै उजियारा बाँट रहा था मगर हवा को रास न आया 
उसने आँधी को भेजा और मेरा जलता दीप बुझाया

एक दीप बुझ जाने पर भी हार नहीं मानी मैंने 
फिर से दीप जलाकर मैंने बस आँधी को सबक सिखाया 
                                          
नेक राह पर चलना भी क्या अब इतना आसान रहा
फिर भी कांटें चुन-चुन मैंने हरदम आगे कदम बढ़ाया

आओ हम सब मिल करके अब अंधकार पर हल्ला बोलें 
देखो साथ निभाने खातिर नन्हा दीपक आगे आया

जिसने अपनी राह बनाई मेहनत करके जीवन में,
उस राही को इस दुनिया में सचमुच कोई भूल न पाया 

असफलताएँ और नहीं कुछ इम्तिहान है पंकज का
लगता है जी भर कर मैंने अभी नहीं कुछ जोर लगाया                                                                                                                                                  

Read more...

भूल गया सारी कडुवाहट इतना ज्यादा प्यार मिला

>> Tuesday, June 8, 2010

नई ग़ज़ल..

ग़ज़ल के हर शेर अपनी बात खुद बयाँ  कर देते है. इसलिए उनके लिए कुछ लिखना ठीक नहीं, इसलिए बिना किसी लम्बी व्याख्या के, पेश है मेरी नई ग़ज़ल...

जितना मुझको मिला सच कहूँ जी भरकर उपहार मिला
भूल गया सारी कडुवाहट इतना ज्यादा प्यार मिला

जैसा दोगे इस दुनिया में वैसा ही तुम पाओगे 
एक नहीं यह अनुभव सबको जीवन में हर बार मिला

तुम क्या आए ये मौसम भी अब कुछ-कुछ रूमानी है
गर्मी में बरसात हो गयी, घर बठे त्यौहार मिला 

पास अगर है पद-पैसा तो दुनिया शीश झुकाती है
खाली जेबों को दुनिया में मरा हुआ व्यवहार मिला 

मैंने उनको राह दिखाई अब उसने मुँह फेर लिया
उनकी नैया पार हो गयी,बस हमको मँझधार मिला

प्यार लुटाया अपना जिसने, उसको हरदम प्यार मिला
जैसी करनी वैसी भरनी इस जीवन का सार मिला

अपनेपन की आस लिए हम उन लोगों के बीच गए 
हमको अपने हिस्से केवल इक गंदा बाज़ार मिला  

सुबह-सुबह मै डर जाता हूँ कैसे देखूँ ये मंजर
खूँ से लथ-पथ रोज़ाना अब मुझको हर अखबार मिला 

कैसे अपनी हालत पंकज ठीक भला मैं कर पता 
जो हकीम था इस बस्ती में वो खुद ही बीमार मिला

Read more...

ग़ज़ल/ सच कहना दुश्वार हुआ है...

>> Wednesday, June 2, 2010

सच कहना दुश्वार हुआ है
खुलकर अत्याचार हुआ है

बड़े-बड़े भी मात खा गए 
छिपकर जब भी वार हुआ है

झूठ बिका है सबसे ज्यादा 
अच्छा कारोबार हुआ है 

टूट गया हर सुन्दर सपना 
ऐसा बारम्बार हुआ है

हार नहीं मानी जिद्दी ने
सपना तब साकार हुआ है

खून-खराबा सहज हो गया
ज़ालिम क्यों संसार हुआ है

उतनी ही उसको है मुश्किल 
जितना जो खुद्दार हुआ है

मेहनतकश लड़ ले दुनिया से
हाथ अगर औजार हुआ है 

एक शब्द अब गायब होता 
नाम इसी का प्यार हुआ है

खरी-खरी बातें करता था
चापलूस अखबार हुआ है

उठो मशालें लेकर आओ
देखो तो अंधकार हुआ है 

लल्लोचप्पो करने वाला
हिट वो ही दरबार हुआ है

चालाकी, मक्कारी, धोखा
यही नया व्यवहार हुआ है

दुःख में जो शामिल रहता था 
गायब वो किरदार हुआ है

चोरों की तो निकल पडी है
गाफिल चौकीदार हुआ है

चलो नई बस्ती अब देखें 
शहर तो ये बेकार हुआ है 

औरों से क्या होगा जीवन
खुद से ही बेजार हुआ है

काँटों पर भी फूल हमेशा
खिलने को तैयार हुआ है

जब कुर्सी ने किया इशारा 
जमकर भ्रष्टाचार हुआ है

जब मुस्काना बंद हुआ तो
समझो रिश्ता भार हुआ है

हिम्मत अगर नहीं छोडी तो 
सबका बेड़ा पार हुआ है

स्वारथ की आँधी में अक्सर
रिश्ता तारोतार हुआ है 

ठगो सभी को काम निकालो
जीवन का यह सार हुआ है

संघर्षों ने माँजा मुझको 
उसका यह उपकार हुआ है

पंकज अब जीएगा कैसे
रूठा अपना यार हुआ है

Read more...

ग़ज़ल/ 'अहम्' क्या है वो हमारे अंत की शुरुआत है

>> Wednesday, May 12, 2010

'अहम्' का अर्थ होता है-''मै'' और ''अहंकार''. इस शब्द का उपयोग हम लोग करते ही रहते है, जैसे,''उसमे तो आजकल बहुत अहम् आ गया है''. यानी घमंड आ गया है. पिछले दिनों फेसबुक पर किसी मित्र ने ''ईगो'' उर्फ़ अहम् पर चर्चा छेड़ी. 'ईगो' में जीने वाले अंततः पछताते है. उनके साथ कोई नहीं रहता. प्यार से रहने वालों के साथ दुनिया चलती है. मैंने एक पाठिका को ज़वाब देते हुए अचानक दो शेर कह दिए. उसके बाद मुझे लगा कि शायद कुछ और शेर हो सकते है. फिर संयोगवश वे बन भी गए. लगा इन्हें आप तक भी पहुचा दिया जाये. सो,हाजिर है...
'अहम्' क्या है वो हमारे अंत की शुरुआत है
गर इसे समझे कोई तो यह नई सौगात है

आ गया पैसा ज़रा-सा ज्ञान भी कुछ पा गए
प्यार से जीवन जिया तो खूबसूरत बात है

पेड़-सा हम भी बनें फलदार थोड़ा झुक गए
बेवजह तनकर चलें तो बस हमारी मात है

ज़िंदगी में अब सफलता का यही है फलसफा
साजिशें, धोखाधड़ी, कुछ घात, कुछ प्रतिघात है

जो रहा ना आदमी बस हो गया शैतान तो
वक़्त ही उसको बताए क्या तेरी औकात है

मिल गयी उसको ज़रूरत से अधिक दौलत यहाँ 
देख लो उसकी अकड़ ये आदमी की जात है

मैं अँधेरे से कभी डरता नहीं क्योंकि सदा
हौसलों का एक जलता दीप मेरे साथ है 

आज बस इतना ही....

Read more...

ग़ज़ल/ कोई तकरार लिखता है कोई इनकार लिखता है...

>> Tuesday, May 4, 2010

आज सिर्फ एक ग़ज़ल, बिना किसी टिप्पणी के.....

कोई तकरार लिक्खे है कोई इनकार लिखता है
हमारा मन बड़ा पागल हमेशा प्यार लिखता है 

वे अपनी खोल में खुश हैं कभी बाहर नहीं आते
मगर ये बावरा दुनिया, जगत, व्यवहार लिखता है

अगर हारे नहीं टूटे नहीं तो देख लेना तुम 
वो तेरी जीत लिक्खेगा अभी जो हार लिखता है

ये जीवन राख है गर प्यार का हिस्सा नहीं कोई 
ये ऐसी बात है जिसको सही फनकार लिखता है

कोई तो एक चेहरा हो जिसे दिल से लगा लूं मैं 
यहाँ तो हर कोई आता है कारोबार लिखता है

तुम्हारे पास आ जाऊं पढ़ूं कुछ गीत सपनों के
तुम्हारे नैन का काजल सदा श्रृंगार लिखता है

यहाँ छोटा-बड़ा कोई नहीं सब जन बराबर हैं 
मेरा मन ज़िंदगी को इस तरह तैयार लिखता है

अरे उससे हमारी दोस्ती होगी भला कैसे 
मैं हूँ पानी मगर वो हर घड़ी अंगार लिखता है

उधर हिंसा हुई, कुछ रेप, घपले, हादसे ढेरों 
ये कैसी सूरतेदुनिया यहाँ अखबार लिखता है

वो खा-पीकर अघाया सेठ कल बोला के सुन पंकज
ज़रा दौलत कमा ले तू तो बस बेकार लिखता है

Read more...

ग़ज़ल/ लेकिन 'सदा' सुनायी दे.

>> Saturday, May 1, 2010

ग़ज़ल के हर शेर अपनी बात कहते हैं, इसलिए आज कुछ न कहते हुए पेश है मेरी बिल्कुल ही नई ग़ज़ल...मेरे बेहद अन्तरंग हो चुके सुधी पाठको एवं चिट्ठाकारों के लिए....

 -------------------
कितनी दूर चला आया हूँ लेकिन सदा सुनाई दे.
आँखें जब भी बंद करुँ तो चेहरा एक दिखाई दे 

दिल से दिल के तार जुड़े हैं टूट न जाएँ भूले से
दिलवालों को मेरे मौला कभी न तू रुसवाई दे

प्यार-महब्बत के किस्से तो अब भी सुनते रहते हैं
तन से उठकर मन तक आये ऐसी कोई वफाई दे

कब तक धोखा छिप सकता है यहाँ पता चल जाता है
तुझको मैं पहचान गया हूँ तू ना मुझे सफाई दे

होंगे और खुदा दुनिया में उनसे क्या लेना-देना 
मैं तो इंसां ही काफी हूँ मुझको नहीं खुदाई दे.

एक यही ख्वाहिश है मेरी दौलत वाली दुनिया में
इन हाथों को ऊपरवाले मेहनतभरी कमाई दे 

कदम-कदम पर हर झूठों ने तोड़ दिया सच्चाई को
हार न पाए हर ज़ालिम से मुझको वो सच्चाई दे

दौलत ही अब पैमाना है 'पंकज' रिश्तेदारी का 
दिल से जुड़ता है जो रिश्ता मुझको वही सगाई दे  

(सदा-आवाज़, सगाई-नाता, सम्बन्ध) 

Read more...

ग़ज़ल/ कोई हमको भुला देता ...

>> Tuesday, April 27, 2010


नहीं रहते कभी तन्हा नए रिश्ते बनाते हैं.
कोई हमको भुला देता किसी को हम भुलाते हैं

अनोखी ज़िन्दगी है ये यहाँ पल-पल नए चेहरे 
कोई तस्वीर मिट जाती किसी को हम मिटाते हैं

वो जिनका नाम लेके हम चले थे हमसफ़र बनके 
अचानक राह में क्यों एक दिन वो छोड़ जाते हैं

तुम्हारी याद अब तो ज़िंदगी का इक सहारा है
न जाने लोग कैसे ज़िंदगी अपनी बिताते हैं

अगर ग़म याद रह जाये तो जीना है बड़ा मुश्किल 
इसी के वास्ते इक दिन सभी ग़म भूल जाते हैं

बहुत कुछ चाहता था मैं मगर हासिल न हो पाया
चलो जितना मिला उसको कलेजे से लगाते हैं

वो हमको प्यार करते हैं मगर जाहिर नहीं करते
अकेले में हमारे शेर लेकिन गुनगुनाते हैं

जो अपने ही नहीं उनसे भला शिकवा करें कैसे
मगर जो हैं सगे अपने वही ज़्यादा सताते हैं

तुम्हारा प्यार पाकर मैं हुआ हूँ बावरा देखो
मुझे अब लोग तेरा नाम लेकर ही बुलाते हैं / चिढ़ाते हैं.

किसी का रूप अच्छा है किसी के पास है दौलत
है जिनके पास जो कुछ उसपे ही नखरे दिखाते हैं

यहाँ तो बोलियाँ लगती हैं बहता है लहू पंकज
न जाने किस तरह के आजकल ये रिश्ते-नाते हैं.

Read more...

ग़ज़ल/ तुम तो केवल इन आँखों को कहने दो

>> Saturday, April 24, 2010

पृथ्वी दिवस के बाद कल विश्व पुस्तक दिवस भी निकल गया. उस अवसर पर कुछ पोस्ट करना चाहता था, लेकिन कर नहीं पाया. पुस्तक के महत्त्व पर कभी पच्चीस दोहे लिखे थे, उन्हें फिर कभी दूंगा, फिलहाल तो आज एक ग़ज़ल पेश है. शायद.. कुछ लोगों को पसंद आ जाये. 

क्यों ज़ुबान को ज़हमत दो बस रहने दो
तुम तो केवल इन आँखों को कहने दो

बड़े काम की हैं अपनी प्यारी आँखें
एक सलोना सुन्दर-सपना पलने दो

इक दिन हो सकता है दिल ये मिल जाये 
अगर दुश्मनी टलती है तो टलने दो

हम तो थक कर बैठ गए लेकिन यारो 
जो चलता है उस राही को चलने दो

अभी ज़िंदगी का पहला पग रक्खा है
अरे उसे कुछ ठंडी-गरमी सहने दो

धीरे-धीरे बच्चा दौड़ लगाएगा
चलने दो, गिरने दो, उसे संभलने दो

ये तो साबुन है सारे ग़म धो देगा
बहते हैं गर आँसू इनको बहने दो 

माना के हर बार हसरतें टूटी हैं
मगर जला फिर दीप आस का जलने दो 

कितनी यादों के तुम महल बनाओगे 
बुरी याद के हर मकान को ढहने दो 

रो-रो कर के उसके आँसू सूख गए
मत रोको पंकज को अब तो हँसने दो

Read more...

शक्तिस्वरूपा सुन्दर लड़की, क्या पता था दुःख गहन आ जाएगा....

>> Wednesday, March 24, 2010

बहुत दिनों से मैंने अपनी ग़ज़ले नहीं दीं, सो इस बार दो ताज़ा ग़ज़ले. नवरात्र के अवसर पर स्त्रीशक्ति की पूजा की जाती है इसलिए पहले लड़की पर केन्द्रित एक ग़ज़ल,

(१)
शक्तिस्वरूपा सुन्दर लड़की
उड़ती है बांधे 'पर' लड़की

अपनी ही धुन में चलती है
हो धरती या अम्बर लड़की 

मुस्काना सिखलाती है ये
हो चाहे आंसूघर लड़की 

कौन भला अब रोके इसको 
ऊंचा उठता है स्वर लड़की

यही ठिकाना है दुनिया का
मानो है पावन-दर लड़की 

तितली, फूल, सुगंधोंवाला 
है आँगन, है निर्झर लड़की

अब अपनी अलग रंगत की ग़ज़ल  

(२)
क्या पता था दुःख गहन आ जाएगा 
याद मेरा हमवतन आ जाएगा 

ये सियासत की अदा क्या खूब है 
मार देगी फिर कफ़न आ जाएगा 

हौसला रक्खो करो बस काम तुम
देख लेना तुम कि धन आ जाएगा

टूटने से तू दुखी न हो कभी 
फिर कोई सुन्दर सपन आ जाएगा

मत डरो पतझार से चलते चलो
एक दिन तेरा चमन आ जाएगा

Read more...

एक ग़ज़ल.......

>> Friday, December 25, 2009

साथ में रहते हुए भी अजनबी बन कर रहे 

ज़िंदगी में ज़िंदगी की इक कमी बन कर रहे

कैसे उनकी निभ सकेगी दो घड़ी भी दोस्तो
हर घड़ी जो बस हमी हैं, बस हमी बन कर रहे

कौन उसको भूल पाया है सदा संसार में
आदमी के बीच में जो आदमी बन कर रहे

एक बच्चा बोलता है तोतली बोली में सुन
काश के यह आदमी मेरी हंसी बन कर रहे

सूख कर बंजर हुए तो कौन आएगा इधर
वो दिलों में राज करता जो नदी बन कर रहे

मज़हबों के नाम पर गर खूँ बहे इनसान का
शर्म है के आदमी यूं मज़हबी बन कर रहे

तेरे पीछे एक दिन बेशक ज़माना आएगा
गर हमेशा तू सभी की इक ख़ुशी बन कर रहे

देवता से कम नहीं लगता हमें वह आदमी
जो अँधेरे के शहर में रोशनी बन कर रहे

उस नदी से रश्क करता है समंदर दोस्तो 
प्यास जो सबकी बुझाए तिश्नगी बन कर रहे (तिश्नगी-प्यास)
  
ज़िंदगी का पाठ ये आंसू सिखाते है हमें 
आदमी तू आँख के अन्दर नमी बन कर रहे


कैसे उसको हम कहेंगे आदमी 'पंकज' यहाँ 
चंद पैसों के लिए जो बस  'डमी' बन कर रहे

Read more...

दो ग़ज़ले/ अगर जज़्बात न समझे..., न गोरे रहेंगे...

>> Wednesday, December 9, 2009

 दो ग़ज़ले
(१)
तू कर लाखों जतन इस पार से उस पार ना होगा..

अगर  जज्बात न समझे तो सच्चा यार न होगा
रहेगा उम्र भर वो साथ लेकिन प्यार ना होगा  

जो दुःख में दूसरों के अपने आंसू ना  बहा पाए
उसी के सुख से जुड़ने का कतई हकदार ना होगा


हुनर है पास जिसके फिर वो भूखा रह नहीं सकता 
जहां भी जाएगा वो शख्स तो बेकार ना होगा 

वो रहते हैं अकेले इस कदर खुदगर्ज़ हो कर के
कि उनके साथ उनका कोई रिश्तेदार ना होगा  

अगर दिल में है तेरे पाप तो फिर जान ले पंकज
तू कर लाखों जतन इस पार से उस पार ना होगा 

(२)

यहाँ कब तलक मुंह पे ताले रहेंगे... 


न गोरे रहेंगे, न काले रहेंगे 
रहेंगे तो ईमान वाले रहेंगे 

जिनकी रातें हमेशा ही काली रहीं
उनके हिस्से में भी कुछ उजाले रहेंगे

मुझे अपने दर्दों से शिकवा नही
यही मुझको हरदम संभाले रहेंगे

चलूँगा, बढूंगा, थमूंगा नहीं मैं
ये माना के पैरों में छाले रहेंगे

नहीं बच सकेंगे कभी हम ज़हर से 
अगर सांप आस्तीं में पाले रहेंगे

ये नेता है जीने के गुर जानते है
कुछ नए मुद्दे अकसर उछाले रहेंगे

हद हो गई कुछ तो करना पड़ेगा
यहाँ कब तलक मुंह पे ताले रहेंगे




Read more...

सुनिए गिरीश पंकज को

  © Free Blogger Templates Skyblue by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP