नये वर्ष का संकल्प-गीत
>> Saturday, December 31, 2022
नये वर्ष का संकल्प-गीत
आओ मिल कर साथ चलें..
गिरीश पंकज
आओ, मिल कर साथ चलें ।
कोई मानव रहे न पीछे,
सबका हो सम्मान।
सबके जीवन में हो खुशियाँ,
सबका हो कल्यान।
घोर तिमिर को चलो मिटाएँ,
दीपक बन कर आज जलें।।
आओ, मिल कर साथ चलें ।
भेदभाव से ऊपर उठ कर,
रक्खें सोच-विचार।
क्या गरीब क्या धनी सभी से,
इक जैसा व्यवहार।
हम ऐसी ही सोच लिए बस,
इस ढाँचे में नित्य ढलें।।
आओ, मिल कर साथ चलें ।
कहीं रहे न भूखा कोई,
सबको रोटी दाल मिले।
सभी निरोगी रहें हमेशा,
हर जीवन खुशहाल मिले।
भले ठगे जाएँ हम लेकिन,
नहीं किसी को कभी छलें।।
आओ मिलकर साथ चलें।।
Read more...

